scriptसोशल मीडिया में उम्र को लेकर उड़ी खबरों से भाजपा के दावेदारों में मची खलबली | BJP on social media: BJP contenders created panic | Patrika News
बिलासपुर

सोशल मीडिया में उम्र को लेकर उड़ी खबरों से भाजपा के दावेदारों में मची खलबली

संगठन के पदाधिकारी कह रहे खबर चल रही परंतु अभी तक कोई ऐसा निर्देश नहीं आया

बिलासपुरOct 17, 2019 / 11:57 am

Murari Soni

सोशल मीडिया में उम्र को लेकर उड़ी खबरों से भाजपा के दावेदारों में मची खलबली

सोशल मीडिया में उम्र को लेकर उड़ी खबरों से भाजपा के दावेदारों में मची खलबली

बिलासपुर. सोशल मीडिया में खबर चल रही है कि विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद भाजपा ने संगठन में जोश भरने के लिए युवाओं पर दांव लगाने की रणनीति तय की है। बताया जा रहा है कि भाजपा हाईकमान ने बकायदा इसके लिए गाइडलाइन जारी कर दिया है जिसके तहत 50 साल उम्र वाले जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष के लिए 35-40 साल की उम्र निर्धारित की गई है। इस तरह की चल रही खबरों ने दावेदारों की नींंद उड़ा दी है। तय परंपरा का पालन किया जाता है तो वर्तमान में जिलाध्यक्ष पद के दो ही दावेदार हैं जिनमें से एक को बनाया जाएगा ऐसा हो सकता है लेकिन इस नए फरमान के बाद उनके सामने संकट खड़ा हो सकता है। हालांकि भाजपा के नेता बता रहे हैं कि प्रदेश संगठन से ऐसा कोई निर्देश अभी तक नहीं आया है।
भाजपा के संगठन पर्व संगठन चुनाव का दौर जारी है, इस माह के अंतिम या नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में जिलाध्यक्ष का चयन किया जाना है। इसी बीच सोशल मीडिया में चल रही उम्र के निर्धारण की खबर ने दावेदारों की नींद उड़ा कर रख दी है। जब से इस आशय की खबर आई है तब से इस पद की आस लगाए नेता अपने सीनियर नेताओं से इसकी जानकारी लेने में जुटे हुए है कि खबर में कितनी सच्चाई है। हालांकि संगठन के पदाधिकारी भी कह रहे हैं कि उनके पास प्रदेश संगठन से अभी तक इस संबंध में कोई ऐसी गाइडलाइन या निर्देश नहीं आई है।
बढ़ाई गई है समय सीमा
केंद्रीय नेतृत्व ने मंडल अध्यक्ष और मंडल समितियों के चुनाव के लिए पूर्व में 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक की समय सीमा तय की थी, लेकिन अब दिवाली त्योहार का हवाला देते हुए हाल ही में 5 नवंबर की तिथि तय कर दी गई है। अब मंडल स्तर के चुनाव दिवाली के बाद 5 नवंबर तक होंगे इसके बाद जिलाध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।
तो टूट जाएगी बिलासपुर जिले की परंपरा
जिला भाजपा में जिला महामंत्री को ही जिला भाजपाध्यक्ष बनाने की अब तक परंपरा रही है। ऐसा माना जाता है कि जिला महामंत्री रहते हुए इस पद पर रहने वाले व्यक्ति को संगठनात्मक जानकारी हो जाती है जिसके अनुभव का लाभ लेने के लिए उन्हें ही जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी जाती रही है। प्रदेश प्रवक्ता भूपेंद सवन्नी जिला महामंत्री थे फिर इस पद से वे जिलाध्यक्ष बने। इसी तरह राजा पाण्डेय और विधायक व जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह भी महामंत्री पद पर रहने के बाद ही जिलाध्यक्ष बने हैं। वर्तमान में जिला महामंत्री के पद पर रामदेव कुमावत और धनश्याम कौशिक है इन दोनों नेताओं में से एक का जिलाध्यक्ष बनाया जाना तय माना जा रहा है, ऐसे में यदि युवा को जिलाध्यक्ष बनाने का फार्मूला लागू किया गया तो दोनों इस दौड़ से बाहर हो जाएंगे।
सोशल मीडिया में इस आशय की खबर चल रही है, लेकिन प्रदेश संगठन की ओर से अभी तक कोई गाइडलाइन या निर्देश नहीं आया है।
रजनीश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं विधायक बेलतरा विधानसभा क्षेत्र
मीडिया के माध्यम से ऐसी जानकारी मिली है, परंतु अभी तक जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष पद के लिए उम्र सीमा के निर्धारण के संबंध में राष्ट्रीय या प्रदेश संगठन से कोई निर्देश नहीं आया है।
गिरधर गुप्ता, प्रदेश महामंत्री भाजपा

Home / Bilaspur / सोशल मीडिया में उम्र को लेकर उड़ी खबरों से भाजपा के दावेदारों में मची खलबली

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो