scriptस्मार्ट सिटी के कामकाज में आएगी कसावट, तीन साल में चार काम और वह भी अधूरे | functioning of smart city will accelerate | Patrika News
बिलासपुर

स्मार्ट सिटी के कामकाज में आएगी कसावट, तीन साल में चार काम और वह भी अधूरे

4 सौ करोड़ के प्रोजेक्ट में नगर निगम के 19 अधिकारियों व कर्मचारियों को भी लगा दिया गया है। लेकिन काम एक कदम आगे नहीं बढ़ पाया है। स्मार्ट सिटी के सलाहकार समिति में अब जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठजनों के शामिल होने से विकास कार्य में गति आने की संभावना जताई जा रही है।

बिलासपुरSep 18, 2020 / 02:56 pm

Karunakant Chaubey

बिलासपुर. स्मार्ट सिटी योजना का काम नौ दिन चले ढाई कोस की तरह चल रहा है। शहर में 85 काम का दावा करने वालों ने तीन साल में बड़ी मुश्किल से चार काम शुरू किया है इसमें से एक भी काम पूरा नहीं हो पाया है। 4 सौ करोड़ के प्रोजेक्ट में नगर निगम के 19 अधिकारियों व कर्मचारियों को भी लगा दिया गया है। लेकिन काम एक कदम आगे नहीं बढ़ पाया है। स्मार्ट सिटी के सलाहकार समिति में अब जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठजनों के शामिल होने से विकास कार्य में गति आने की संभावना जताई जा रही है।

1- महाराणा प्रताप चौक से व्यापार विहार तक सड़क अधूरी

महाराणा प्रताप चौक से व्यापार विहार तक 2.55 किलोमीटर तक रोड बनाया जा रहा है। सड़क की चौडा़ई 80 मीटर है। इसकी लागत 26 करोड़ रुपए है। सड़क के अधूरे कार्य को लेकर आम जनता के अलावा व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बड़े बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन गाडिय़ां पलट जा रही हैं। वार्ड के नागरिक और व्यापार विहार के व्यापारी लगातार नगर निगम से कार्य में तेजी लाने की मांग कर रहे हैं। सड़क एक ओर 800 मीटर बन गई है दूसरी ओर अधूरी है। काम कब तक पूरा हो पाएगा इसकी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। नाली निर्माण, डिवाइडर, पाथवे सहित अनेक कार्य अधूरे हैं।

2- मिट्टी तेल गली में अंडरग्राउंड केबल का कार्य अधूरा

मिट्टी तेल गली की 770 मीटर लम्बी सड़क का काम तय समय से 6 महीने अधिक होने के बावजूद नहीं पूरा हो पाया है इसमें अन्डरग्राउण्ड बिजली केबल, नाली का स्लैब से लेकर अनेक कार्य अधूरे हैं। वाटर सप्लाई का भी काम पूरा नहीं हो पाया है। रेन वाटर हार्वेस्टिंग का काम चल रहा है। सीवरेज का काम पूरा हो गया है। ठेका कंपनी के काम में तेजी लाने का नोटिस जारी किया गया है।

3 -प्लानेटेरियम का निर्माण अधूरा

व्यापार विहार ऑक्सीजोन के पास प्लानेटेरियम का निर्माण किया जा रहा है। देर होने के कारण इसकी लागत बढ़ गई है। 6 करोड़ में बनने वाला प्लानेटोरियम अब 8 करोड़ का हो गया है। आयुक्त निरीक्षण कर तीन बार निर्देश दे चुके हैं।

4 – तिलक नगर, गोड़पारा से शनिचरी चौक तक सड़क का टेंडर अब तक नहीं

तिलक नगर, गोड़पारा से शनिचरी चौक तक 9 सौ से अधिक मकान तोड़ा गया। मकानों को इतनी तेजी से तोड़ा गया कि जैसे सड़क का काम तुरंत चालू हो जाएगा। अरपा नदी किनारे दोनों ओर सड़क बनाने के लिए 49.53 व 44.45 करोड़ रुपए की योजना है। सड़क की लम्बाई 3.6 किलोमीटर तक होगी। सड़क 6 लेन की रहेगी। सड़क के लिए 4 कंपनियों ने टेंडर डाला था जो कैंसिल हो गई, वहीं अब 6 कंपनियों ने टेंडर डाला है। टेंडर प्रक्रिया का काम में भी दो महीने देर हो गई है।

क्या कहते हैं आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय

प्रश्न- व्यापार विहार रोड का काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है क्यों?

उत्तर – व्यापार विहार रोड का काम चल रहा है। कोविड-19 व बारिश के कारण देर हुई है। लोगों को आने जाने में दिक्कत जरूर हो रही है। कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

प्रश्न – मिट्टी तेल गली में अंडर ग्राउंड केबल का काम अब तक पूरा नहीं है?

उत्तर – मिस्ी तेल गली में सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो गया है, लेकिन अन्डर ग्राउण्ड केबल का काम चल रहा है। इस काम को भी जल्द पूरा करा लिया जाएगा।

प्रश्न – रिवर व्यू 2 का टेंडर अब तक क्यों नहीं पाया?

उत्तर – तिलकरनगर से गोड़पारा शनिचरी तक 6 लेन रोड का बनाया जाएगा। पहली बार में 4 कंपनियों ने टेंडर डाला था, दस्तावेज पूरा नहीं होने के कारण रिजेक्ट कर दिया गया है। दूसरी बार 6 लोगों ने टेंडर डाला है जिसको जल्द खोला जाएगा।

प्रश्न- प्लानेटेरियम का काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है?

प्लानेटेरियम में काम चल रहा है। जो कार्य शेष है उसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

Home / Bilaspur / स्मार्ट सिटी के कामकाज में आएगी कसावट, तीन साल में चार काम और वह भी अधूरे

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो