scriptपूर्व मुख्यमंत्री ने खाली कर दिया इस प्रदेश का खजाना, हम 400 करोड़ छोड़ गए आज 50 हजार करोड़ का कर्ज है-सीएम | Lok sabha cg 2019: Former CM vacates state treasury | Patrika News
बिलासपुर

पूर्व मुख्यमंत्री ने खाली कर दिया इस प्रदेश का खजाना, हम 400 करोड़ छोड़ गए आज 50 हजार करोड़ का कर्ज है-सीएम

जब हम लोग वर्ष 2003 में थे, तब चार सौ करोड़ का खजाना छोड़कर गए थे और आप जब सीएम पद से हटे, इस प्रदेश में 50 हजार करोड़ का कर्जा है।

बिलासपुरApr 04, 2019 / 12:45 am

BRIJESH YADAV

Lok sabha cg 2019: Former CM vacates state treasury

पूर्व मुख्यमंत्री ने खाली कर दिया इस प्रदेश का खजाना, हम 400 करोड़ छोड़ गए आज 50 हजार करोड़ का कर्ज है-सीएम

बिलासपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर भाजपा के प्रहारों का बेहद तल्ख शब्दों में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि 15 साल सत्ता में रहने वाले कहते हैं कि खजाना खाली है। छत्तीसगढ़ दिवालिया होने के कगार पर है। मैं रमन सिंह से पूछना चाहता हूं.. मुझे तो मुख्यमंत्री बने तीन महीने हुए हैं। तीन कार्यकाल आपका रहा। जब हम लोग वर्ष 2003 में थे, तब चार सौ करोड़ का खजाना छोड़कर गए थे और आप जब सीएम पद से हटे, इस प्रदेश में 50 हजार करोड़ का कर्जा है। इसके बाद भी जो हमने जनता से वादा किया था, वो हम पूरा कर रहे हैं। सीएम यहीं नहीं रुके बल्कि और उन्होंने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पूर्व सीएम को याद कराया और कहा कि रमन सिंह जी हम वो नहीं हैं, जो वादा करें। वोट पाए और भूल गए। आदिवासियों से आपने वादा किया था। किसानों से आपने वादा किया था। नौजवानों से वादा किया था। महिलाओं से वादा किया था। 15 साल आपको मिला, लेकिन किसी वादे को पूरा नहीं किया। अब वादा हमने पूरा किया है, जो कहा, वो किया। सीएम बघेल ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर खजाने का पैसा कहां गया। भूपेश बघेल ने इस खजाने को खर्च करने के बारे में खुद ही जनता को बताया कि भ्रष्टाचार में, कमीशनखोरी में, चावल के कमीशन में, दाल के कमीशन में और आखिरी में मोबाइल के कमीशन में गयी। भाजपा ने कहा था कि स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू करेंगे, पर नहीं हुआ। काला धन वापस लाने वाले थे। देश का धन विदेश भेजने का काम मोदी ने किया है।
पूछना अपराध है तो मैं भी अपराधी
सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता का नुकसान हुआ तो सवाल पूछना पड़ा। सवाल करो तो पत्रकारों को झिड़की मिलती है। सवाल करो तो किसानों को फांसी के फंदे में झूलने पर मजबूर कर देते हैं। सवाल करो तो ये लोग देशद्रोही कह देते हैं। सवाल पूछना मोदी की सरकार में अपराध है। जनता को सवाल पूछने का अधिकार है। हम तो विपक्ष वाले हैं। हम सवाल करेंगे। आप अपराधी बनाते हैं तो बनाते रहिए। यदि सवाल पूछना अपराध है तो हम भी अपराधी हैं। सवाल तो है… विदेश से काला धन क्यों नहीं आया। सवाल तो है… खातों में 15 लाख क्यों नहीं आया। सवाल तो है… स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट क्यों लागू नहीं की गई। सवाल तो है… 10 करोड़ लोगों को रोजगार क्यों नहीं मिला। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में आयोजित इस सभा में कांग्रेस लोस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव सहित पार्टी के सभी प्रमुख मंत्री और नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पार्टी के जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी ने किया।
Lok sabha cg 2019: Former CM vacates state treasury

Home / Bilaspur / पूर्व मुख्यमंत्री ने खाली कर दिया इस प्रदेश का खजाना, हम 400 करोड़ छोड़ गए आज 50 हजार करोड़ का कर्ज है-सीएम

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो