script110 साल के बॉलीवुड में 94 साल कपूर्स के:1928 में पृथ्वीराज कपूर ने फिल्मी करियर शुरू किया था, उनकी 4 पीढ़ियों ने दीं 987 फिल्में | know how prathviraj kapoor started his filmi career | Patrika News
बॉलीवुड

110 साल के बॉलीवुड में 94 साल कपूर्स के:1928 में पृथ्वीराज कपूर ने फिल्मी करियर शुरू किया था, उनकी 4 पीढ़ियों ने दीं 987 फिल्में

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शादी होने जा रही है।
कपूर परिवार बॉलीवुड के सबसे पुराने खानदानों में से एक है।
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को 110 साल हो चुके हैं और इस इंडस्ट्री में कपूर फैमिली ने 94 साल का समय दिया है।

नई दिल्लीApr 13, 2022 / 07:49 pm

Sneha Patsariya

prathvi_raj_.jpg
बॉलीवुड के सबसे मशहूर खानदानों में से एक कपूर खानदान इन दिनों चर्चा में हैं। हो भी क्यों ना कपूर खानदान के चिराग रणबीर कपूर शादी जो करने जा रहे हैं। रणबीर कपूर आलिया भट्ट के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को 110 साल हो चुके हैं और इस इंडस्ट्री में कपूर फैमिली ने 94 साल का समय दिया है। 1928 से अब तक ऐसा कोई दौर नहीं रहा जब कपूर फैमिली से कोई फिल्म इंडस्ट्री में न रहा हो।
साल दर साल इस फिल्मी फैमिली ने सिनेमा जगत को बेहतरीन फिल्में दी हैं। पृथ्वीराज कपूर से रणबीर तक आज हम जानेंगे कपूर फैमिली का फिल्मों में योगदान और कैसे शुरू हुआ इस फैमिली का फिल्मी सफर….
बॉलीवुड में कपूर खानदान की शुरुआत राजकपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर से मानी जाती है।आपको ये जानकर हैरानी होगी कि कपूर खानदान की जड़ें बंटवारे के बाद बने भारत के किसी शहर से नहीं, बल्कि पाकिस्तान से जुड़ी हुई हैं। स्व. पृथ्वीराज कपूर का जन्म पाकिस्तान के फैसलाबाद में हुआ था। इनके पिता का नाम दीवान बशेश्वरनाथ कपूर था। दीवान बशेश्वरनाथ कपूर ने राज कपूर की चर्चित फिल्म ‘आवारा’ में एक कैमियो भी किया था। कपूर खानदान से पृथ्वीराज कपूर ने ही सिनेमा में एक्टिंग की नींव डाली थी। पृथ्वीराज कपूर ने 8 साल की उम्र एक्टिंग शुरू की थी। और कॉलेज में नाटक राइडर्स टू दा सी में महिला का किरदार निभाया था। लाहौर में रंग मंच शुरू किया लेकिन पढ़ें लिखे होने के कारण नाटक मंडली में काम नहीं मिला। पृथ्वीराज ने 8 मूक फिल्मों में काम किया। फिर बोलती फिल्मों के सुपर स्टार रहे। पृथ्वीराज ने 17 साल की उम्र में अपने से 2 साल छोटी रामसरनी मेहरा से शादी की। उनके 6 बच्चे हुए जिसमें से बेटी देवी निमोनिया और नंदी चूहा मारने की दवा से मर गई थी। 4 बच्चे से राज, शशि, शम्मी और बेटी उर्मिला। साल 1994 में पृथ्वीराज ने पृथ्वी थिएटर की नींव रखी। 16 साल तक पृथ्वीराज के डायरेक्शन में यहां 2662 शो किए गए। पठान दीवार अछूत और कलाकार इसके प्रमुख नाटक थे। पृथ्वीराज कपूर की मुग़ले आजम, हरिश्चंद्र तारामती, सिकंदरे आजम, आसमान, महल जैसी कुछ सफल फ़िल्में प्रदर्शित हुईं।
सपनों के सौदागर राजकपूर-
पृथ्वीराज के बेटे राज कपूर ने कपूर खानदान की विरासत को आगे बढ़ाया और सिनेमा के क्षेत्र में ही अपना योगदान दिया। राज कपूर ने हिन्दी सिनेमा को ऐसी शानदार फिल्में दीं, जिन्होंने सिनेमा को एक इंडस्ट्री में बदल दिया। ‘आवारा’, ‘मेरा नाम जोकर’ और ‘श्री 420’ उनकी ऐसी ही चर्चित फिल्मों में से हैं। राज कपूर की शादी कृष्णा कपूर के साथ हुई थी। रणधीर कपूर, ऋषि कपूर और राजीव कपूर राज कपूर के बेटे हैं। इनके अलावा राज कपूर की दो बेटियां भी हैं। रीमा जैन और रितु नंदा।
पृथ्वीराज कपूर के दूसरे बेटे हैं शम्मी कपूर-
शम्मी कपूर पृथ्वीराज कपूर के दूसरे बेटे हैं, जिन्होंने ‘तुमसा नहीं देखा’, ‘कश्मीर की कली’, ‘जानवर’ और ‘पगला कहीं का’ जैसी कई शानदार फिल्मों में काम किया है। अपनी चर्चित डांसिंग स्टाइल की वजह से उन्हें ‘एल्विस प्रिस्ले ऑफ इंडिया’ कहा जाता है। उनकी शादी गीता बाली से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे हुए- आदित्य राज कपूर और कंचन देसाई।
पृथ्वीराज कपूर के छोटे बेटे शशि कपूर :
पृथ्वीराज कपूर के छोटे बेटे शशि कपूर का पैदाइशी नाम बलबीर राज पृथ्वीराज कपूर है। फिल्मों में आने के बाद उन्होंने अपना नाम बदल कर शशि कपूर कर लिया था। शशि की शादी जेनिफर केंडल के साथ हुई थी, जिनकी 51 साल की उम्र में कैंसर के चलते मौत हो गई थी। शशि के तीन बच्चे हैं। कुणाल कपूर, करन कपूर, संजना कपूर। एक्टर के साथ-साथ शशि डायरेक्टर और प्रोड्यूसर भी रहे हैं।
राज कपूर के बड़े बेटे रणधीर कपूर-
राज कपूर के बड़े बेटे रणधीर कपूर ने भी पापा की तरह बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने ‘जीत’, ‘कल आज और कल’ और ‘हीरालाल-पन्नालाल’ जैसी कई फिल्मों में काम किया है। रणधीर की पहली फिल्म ‘श्री 420’ थी, जिसमें उन्होंने एक चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर काम किया था। रणधीर की शादी बबिता कपूर से हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं- करीना कपूर और करिश्मा कपूर।
राज कपूर के दूसरे बेटे ऋषि कपूर-
अपने पिता और भाइयों की तरह ऋषि कपूर ने भी फिल्म इंडस्ट्री में ही अपना करियर बनाया और लोगों के दिलों की धड़कन बन गए। बतौर हीरो उनकी पहली फिल्म ‘बॉबी’ थी, जिसके लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड दिया गया था। साथ ही, उन्हें फिल्मफेयर का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी मिल चुका है। उनकी शादी बॉलीवुड की एक्ट्रेस नीतू सिंह से हुई। उनके दो बच्चे, बेटी रिद्धिमा कपूर और बेटा रणबीर कपूर हैं। रिद्धिमा की एक बेटी है, जिसका नाम समारा है। ऋषि कपूर का 30 अप्रैल, 2020 को निधन हो गया।
रणधीर कपूर की बड़ी बेटी करिश्मा-
करिश्मा कपूर रणधीर कपूर और बबिता की बड़ी बेटी हैं। वो एक्टिंग की फील्ड में आने वाली कपूर खानदान की पहली लड़की हैं। उनकी डेब्यू फिल्म ‘प्रेम कैदी’ थी जो 1991 में रिलीज हुई थी। इसके बाद उन्होंने ‘राजा हिन्दुस्तानी’, ‘दिल तो पागल है’ और ‘अंदाज अपना अपना’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया हैं। गोविंदा के साथ इनकी जोड़ी खूब पसंद की गई। करिश्मा ने दिल्ली के बिजनेस मैन संजय कपूर से 2003 में शादी कर ली थी। हालांकि, इनकी शादीशुदा जिंदगी ज्यादा समय तक नहीं चल पाई और दोनों अलग हो गए। करिश्मा और संजय के दो बच्चे हैं। समायरा कपूर और किआन।
रणधीर कपूर की छोटी बेटी करीना कपूर-
रणधीर कपूर की छोटी बेटी और बॉलीवुड में बेबो के नाम से फेमस करीना कपूर फिल्म इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेसेस में से एक हैं। करीना ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत जे.पी. दत्ता की फिल्म ‘रिफ्यूजी’ (2000) से की थी। करीना ने एक्टर सैफ अली खान के साथ 5 साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रहने के बाद साल 2012 में शादी कर ली। करीना के दो बेटे हैं। बड़े का नाम तैमूर, जबकि छोटे बेटे के नाम का अब तक खुलासा नहीं हुआ है।

Home / Entertainment / Bollywood / 110 साल के बॉलीवुड में 94 साल कपूर्स के:1928 में पृथ्वीराज कपूर ने फिल्मी करियर शुरू किया था, उनकी 4 पीढ़ियों ने दीं 987 फिल्में

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो