बुरहानपुर

बेटे ने उठा लिए थे पीएम आवास योजना के रुपए, पिता ने पीट-पीटकर मार डाला

पिता ने पीटकर घर में बांध दिया, पता चला मारपीट के कारण हो गई मौत, हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार…>

बुरहानपुरAug 13, 2022 / 04:52 pm

Manish Gite

नेपानगर (बुरहानपुर)। ग्राम सीवल में एक युवक की जान महज 16 हजार रूपए के चक्कर में चली गई। दरअसल सीवल के रहने वाले जितेंद्र के घर में पीएम आवास योजना की राशि रखी थी। इसमें से जितेंद्र के 21 साल के बेटे बंसी ने 16 हजार रूपए चुरा लिए। तब पिता-पुत्र में विवाद हो गया। यहां तक पिता ने 100 डायल करके पुलिस बुला ली। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों को समझाइश देकर वापस लौट गई। बाद में पता चला कि पिता ने बेटे को इतना पीटा की उसकी मारपीट के कारण मौत हो गई।

 

दरअसल बंसी मानसिक रूप से कमजोर और नशे का आदी बताया गया है। वह गांव में भी अकसर लोगों के साथ विवाद करता रहता था। इसके कारण परिवार में सभी के साथ उसका विवाद होता रहता था। पीएम आवास का पैसा मिलने के बाद विवाद बढ़ गया था, क्योंकि पिता और पुत्र में रूपयों को लेकर मनमुटाव था। इस दौरान बंसी ने 16 हजार रूपए चुरा लिए। यह बात पिता को नागवार गुजरी और उसने उसके साथ मारपीट की।

 

पुलिस के अनुसार मृतक बंसीलाल नशे का आदी था। साथ ही वह मानसिक रूप से भी ठीक नहीं था। पिता पुत्र के बीच एक बार बुधवार को भी विवाद हुआ था। दूसरी बार गुरूवार दोपहर विवाद हुआ तो पुलिस बुला ली गई। पुलिस ने दोनों को समझाइश दी, लेकिन रात में वह फिर लड़ पड़े। इस बार पिता को गुस्सा आ गया और उसने बेटे की इस तरह पिटाई की कि उसकी मौत ही हो गई।

 

पिता को पुलिस ने हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलने पर रात में ही नेपानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को भी घटनाक्रम समझने में देरी नहीं लगी, क्योंकि दोपहर में ही पुलिस दोनों को समझाइश देकर गई थी। पुलिस ने आरोपी पिता जितेंद्र को हिरासत में लिया।

 

मृतक नशे का आदी था। वह गांजा, शराब का सेवन करता था। घर से 16 हजार रूपए भी चुरा लिए थे इसलिए पिता नाराज था। उसने उसके साथ मारपीट कर उसे बांध दिया था। इस दौरान युवक की मौत हो गई। आरोपी पिता को पकड़ लिया गया है।

-राजेंद्र इंगले, थाना प्रभारी नेपानगर

Home / Burhanpur / बेटे ने उठा लिए थे पीएम आवास योजना के रुपए, पिता ने पीट-पीटकर मार डाला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.