scriptयूपी के चंदौली में दाह संस्कार कर लौट रहे लोगों पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, जानिए क्या थी वजह | Villagers brutally beaten by UP police While returning from cremation | Patrika News
चंदौली

यूपी के चंदौली में दाह संस्कार कर लौट रहे लोगों पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, जानिए क्या थी वजह

पुलिसकर्मियों ने महिलाओं की भी जमकर की पिटाई

चंदौलीAug 19, 2019 / 01:17 pm

sarveshwari Mishra

Land Dispute

Land Dispute

चंदौली. यूपी के चंदौली में शवदाह कर लौट रहे लोगों की बलुआ पुलिस ने लाठियों से जमकर पिटाई कर दी। बीच बचाव करने आए परिजनों को भी पुलिस ने थाना परिसर में दौड़ा-दौड़ा पीटा है। देर रात एसपी हेमंत कुटियाल के निर्देश पर एएसपी प्रेमचंद और सीओ सकलडीहा प्रदीप सिंह चंदेल ने पहुंचकर मामले को शांत कराया। पिटाई के दौरान कल्लू निषाद को गंभीर चोट आई है। ग्रामीणों की तहरीर पर तीन नामजद व छह अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी ने एएसपी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। पिटाई के दौरान कल्लू निषाद नाम के एक व्यक्ति को गंभीर चोटे आई हैं। जिन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

बतादें कि शनिवार को राजेश साहनी के पिता मुनीब साहनी का निधन हो गया। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने रात में ही बलुआ गंगा घाट पर दाह संस्कार किया। दाह संस्कार के बाद मनीष निषाद का रामगर निवासी भांजा कल्लू साहनी चारपहिया वाहन से परिवार समेत घर लौटने लगा। आरोप है कि बलुआ बाजार में थाने का फॉलोवर टुनटुन शराब के नशे में धुत होकर गाड़ी के सामने खड़ा हो गया और गाली-गलौंज के साथ महिलाओं के साथ बदसलूकी करने लगा। परिवार के लोगों ने विरोध जताया तो थाने से अन्य सिपाहियों को बुला लिया।

थाने से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने लाठी से कल्लू साहनी और उसके परिवार के लोगों की पिटाई शुरू कर दी। बाजारवासियों ने विरोध जताया तो पुलिसकर्मी उनको भी पीटने लगे। इससे नाराज पीड़ित परिवार और दर्जनों लोग बलुआ थाने पहुंच गए और थाना प्रभारी से शिकायत की। थाना प्रभारी अतुल नारायण सिंह ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और बिना कोई कार्रवाई किये ही अपने कार्यालय में चले गए। इससे लोगों ने एक बार फिर हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी।
आरोप है कि इससे नाराज पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर में भी लोगों की लाठी डंडे और लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। महिलाओं को भी पीटा गया। जिसमें कल्लू साहनी बुरी तरह घायल हो गया। बबलू साहनी, सोना देवी, नगीना देवी समेत एक दर्जन से अधिक लोग चोटिल हो गए। कल्लू साहनी को गंभीर अवस्था में ट्रामा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी होने पर एसपी हेमंत कुटियाल ने तत्काल एएसपी प्रेमचंद और सीओ सकलडीहा प्रदीप सिंह चंदेल को भेजा। उन्होंने किसी तरह मामला शांत कराया। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि फालोवर टुनटुन, सिपाही भैरव सिंह व देवेंद्र सिंह के अलावा आधा दर्जन अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो