scriptएक करोड़ के प्रतिबंधित नोट बरामद | banned notes of one crore recovered | Patrika News
चेन्नई

एक करोड़ के प्रतिबंधित नोट बरामद

मदुरै पुलिस ने चार लोगोंं को किया गिरफ्तार

चेन्नईSep 03, 2018 / 10:14 pm

PURUSHOTTAM REDDY

banned notes of one crore recovered

एक करोड़ के प्रतिबंधित नोट बरामद

मदुरै. मदुरै पुलिस ने चार लोगोंं को एक करोड़ के पुराने नोटों के साथ गिरफ्तार कर किया है। आरोपियों के पास से चलन में बंद हो चुके १००० और ५०० के पुराने नोट मिले हैं जिन्हें कार से कहीं भेजा जा रहा था। मदुरै सिटी पुलिस रोज की तरह वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिसकर्मियों को एक सफेद रंग की इंडिका कार में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए। लिहाजा पुलिस ने कार को रोक लिया। कार में चार लोग सवार थे।
जब पुलिस ने कार की तलाश ली तो पुलिसकर्मी हैरान रह गए। दरअसल, कार की डिग्गी में एक सूटकेस रखा था, जिसमें एक करोड़ की राशि के पुराने यानी प्रतिबंधित नोट भरे हुए थे। पुलिस ने चारों आरोपियों को फौरन हिरासत में ले लिया और उनकी कार भी जब्त कर ली। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर पकड़े गए नवीन, राजशेखर, धर्मा सहित चारों लोग पुराने नोट लेकर कहां और किसके पास जा रहे थे। पूछताछ में नवीन ने बताया कि मेलूर निवासी सरवणन ने उन्हें एक करोड़ रुपए दिए। वह पुराने नोट विदेश भेजने का काम करता है। सरवणन को भी गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2016 में नोटबंदी की घोषणा की थी। इसमें 500 और 1000 के नोट बंद कर दिए गए थे। इनकी जगह 500 का नया नोट और 2000 का नोट चलन में आया था।

………………………………………

15 लाख की धोखाधड़ी के आरोप में महिला गिरफ्तार

चेन्नई. केके नगर पुलिस ने १५ लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में फार्मेसी कंपनी में काम करने वाली महिला प्रबंधक को गिरफ्तार किया है। कंपनी के मालिक के शिकायत पर कार्रवाई करते हुए यह गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तार महिला सुष्मिता (४०) है। सुष्मिता पिछले छह साल से केके नगर के मुनुसामी रोड स्थित फार्मेसी कंपनी में काम करती थी। वह कंपनी में अकाउंट्स का काम देखती थी। कंपनी के मालिक रत्नाकर साहू (५०) जो मूल रूप से पुणे के रहने वाले हैं, ने कंपनी का पूरा लेखा-जोखा सुष्मिता के हवाले कर रखा था। पिछले दो साल से रत्नाकर ने सुष्मिता से अकाउंट्स के बारे में कुछ नहीं पूछा। लेकिन कुछ दिन पहले जब रत्नाकर ने अकाउंट्स की जांच की तो १५ लाख रुपए का हिसाब नहीं मिला। पूछने पर सुष्मिता आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। उसके बाद रत्नाकर ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने पूछताछ के लिए समन भेजा लेकिन वह थाने नहीं गई। उसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

Home / Chennai / एक करोड़ के प्रतिबंधित नोट बरामद

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो