पुलिस के अनुसार शोलिंगर के निकट पल्लामंगलम गांव निवासी किसान पंचाक्षरम (85) के दो बेटे और एक बेटी है। उनका दूसरा बेटा एलुमलै शराब का आदी है। इस लत की वजह से वह रोजाना पत्नी से घर पर झगड़ा करता था। महीने भर पहले उसकी पत्नी कलैसेल्वी झगड़े के बाद घर छोड़कर मायके चली गई। एलुमलै ने मनाने का विफल प्रयास किया।
घटना वाले दिन मंगलवार को पंचाक्षरम खेत में गायें चरा रहा था। एलुमलै वहां गया और पिता से बोला कि वह उसके ससुराल चले ताकि बहू को मनाकर लाया जा सके। पिता की मनाही पर उसने आपा खोया।
एलुमलै ने तब आस्तीन में छिपाया चाकू निकाला और पिता के पेट व छाती पर वार करता चला गया। इस वजह से किसान पंचाक्षरम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एलुमलै वहां से फरार हो गया।
आरोप है कि रिश्तेदारों व ग्रामीणों ने पुलिस को खबर किए बगैर शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की जिसे मयजाब्ता पहुंची पुलिस ने रुकवाया। पंचनामे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस रात भर आरोपी पुत्र एलुमलै को खोजती रही और अंत में बुधवार सुबह उसे दबोच लिया गया। मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।