scriptपहले से ज्यादा सीटों पर होगी भाजपा की विजय : उमा भारती | BJP will win more seats than ever before: Uma Bharti | Patrika News
छतरपुर

पहले से ज्यादा सीटों पर होगी भाजपा की विजय : उमा भारती

– बड़ामलहरा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री उमाभारती ने पहली चुनावी सभा ली

छतरपुरNov 15, 2018 / 01:45 pm

Neeraj soni

Chhatarpur

Chhatarpur

छतरपुर/बकस्वाहा। केन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने बुधवार को बड़ामलहरा क्षेत्र में आयोजित अपनी पहली चुनावी सभा में भरोसा जताया है कि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की विजय पहले से ज्यादा सीटों पर होगी। वे शाम को बड़ामलहरा विधानसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी ललिता यादव के समर्थन में ग्राम बहौरी में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने दोनों हाथ उठाकर लोगों से 28 नवंबर को कमल का फूल खिलाने का वचन लेते हुए कहा कि आपका संदेश बड़ामलहरा से भोपाल होते हुए मोदी जी के पास दिल्ली पहुंचना चाहिए।
प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकीं उमा भारती ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष की कुर्सी होती है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को अपने कर्तव्य का पालन करना होता है। शिवराज सिंह चौहान ने सत्ता में रहते हुए आम जन की भलाई के लिए अनेक काम किये लेकिन विपक्ष ने नेताओं को नीचा दिखाने, उनका अपमान करने, रावण कहने, गाली-गलौच करने और जिंदा जला देने की बात की। उन्हें लगता है कि यही उनका काम है। उमा भारती ने कहा कि जो पार्टी विपक्ष की भूमिका भी ठीक ढंग से नहीं निभा सकती वह सत्ता पक्ष की भूमिका निभाने लायक ही नहीं है। उन्होंने कहा इसीलिए चुनाव में जो परिवर्तन आना हैं वह कांग्रेस के विरोध में ही आना हैं। उमा भारती ने कहा कि हम जब विपक्ष में रहते थे तो मुद्दों को लेकर पूरी शालीनता के साथ सत्तापक्ष का विरोध करते हुए गरीबों के हक के लिए लड़ते थे।
भाजपा प्रत्याशी ललिता यादव के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए उमा भारती ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के पद तक आसानी से नहीं पहुंची थीं, उन्होंने बहुत तपस्या से सरकार बनाई थी और परिश्रम के साथ उसे चलाया था। शिवराज ने उनकी तपस्या के अनुरूप सरकार को चलाया और दो बार वर्ष 2008 और फिर 2013 में चुनाव जीते। अब वे 2018 में भी प्रचण्ड बहुमत से जीतेंगे और इसमें बड़ामलहरा विधानसभा क्षेत्र का भी योगदान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड की धरती आन-बान और शान की धरती है, इसीलिए अब हमारे ललिता विजय ललिता हो जानी चाहिए। उन्होंने लोगों के दोनों हाथ ऊपर उठवाकर भाजपा को भारी बहुमत से विजयश्री दिलवाने का वचन भी लिया। इसके पहले भाजपा प्रत्याशी ललिता यादव ने भी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की योजनाएं बताते हुए सभी से सहयोग और समर्थन की अपील की। सभा के बाद उमा भारती हैलीकाप्टर से टीकमगढ़ के लिए रवाना हो गईं। इस अवसर पर दमोह सांसद प्रहलाद पटेल, भाजपा के वरिष्ठ नेता नारायण काले, बड़ामलहरा की पूर्व जनपद अध्यक्ष संगीता शर्मा, भाजयुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज यादव के अलावा बड़ी संया में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम जन मौजूद थे।

Home / Chhatarpur / पहले से ज्यादा सीटों पर होगी भाजपा की विजय : उमा भारती

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो