scriptसूने घर से नगदी सहित 10 लाख से अधिक की संपत्ति चोरी | Property worth more than 10 million including cash from home | Patrika News
छतरपुर

सूने घर से नगदी सहित 10 लाख से अधिक की संपत्ति चोरी

– घरों में ताला लगाकर जाना हुआ जोखिम भरा

छतरपुरNov 11, 2018 / 01:03 pm

Neeraj soni

 Chhatarpur

Chhatarpur

छतरपुर। शहर में लगातार चोरियां हो रही हैं। चोरों की गिरफ्त में एक तरह से पूरा शहर आ गया है। जहां भी ताला लगा मिलता है, आरोपी सेंध लगाकर चोरी कर ले जाते हैं। पिछले एक माह में चोरों ने दो दर्जन छोटी-बड़ी चोरियों की वारदातों को अंजाम दिया है। शुक्रवार की बीती रात शहर की चौबे कॉलोनी जैसे पॉश इलाके में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली है। रात में जब परिवार घर लौटा, तब उन्हें चोरी की जानकारी लगी। खबर लगते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार शहर के चौबे कॉलोनी में एसवीएन कॉलेज के पास रहने वाले राजेंद्र सिंह उर्फ राजू तोमर त्योहार पर अपने परिवार के साथ यूपी के मऊरानीपुर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर सेंध लगाकर लाखों रुपए के जेवर, नगदी और वाहन चुरा लिया। रात 2 बजे जब राजू अपने परिवार के साथ घर लौटे तो पूरा सामान गायब था। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को जानकारी दी। डायल 100 ने मौके पर पहुंचकर तुरंत घटना की पड़ताल की। उधर राजू तोमर के अनुसार जब वे रात में घर पहुंचे तो गेट का ताला टूटा था। चोर उनके घर से 5 लाख रुपए नगद, करीब 4 लाख रुपए कीमत के जेवरात, मोटर साइकिल के अलावा घर के बर्तन भी ले गए।
गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार की रात मे भी दो जगह चोरी की वारदात हुई थी। चौबे कालोनी में आदर्श कन्या स्कू ल के पास एक खरे परिवार के घर में चोरी हुई थी। वहीं भाजपा नेता अरविंद पटेरिया के घर के सामने भी तिवारी परिवार के यहां चोरी हुई थी। शहर में औषतन हर दूसरी रात चोरी की वारदातें हो रही हैं। इसके पहले शहर की मुख्य रोड की दुकानों, मोबाइल गैलरियों और कंप्यूटर दुकानों पर भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। इनमें से एक भी चोरी का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में ही उलझी रहती है।
पुलिस की व्यस्तता का फायदा उठा रहे बदमाश :
इन दिनों चुनाव आचार संहिता चल रही है। इसका फायदा चोर-बदमाश और जुआरी उठा रहे हैं। पूरे जिले सहित शहर में जगह-जगह बड़े-बड़े जुआ फड़ चल रहे हैं, लेकिन एक पर भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। इसे या तो यह माना जाए कि पुलिस व्यस्त है, या फिर यह कह भी कहा जा रहा है कि पुलिस की सेटिंग से ही शहर सहित जिलेभर में जुआ फड़ चल रहे हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो