scriptElection: जिला पंचायत चुनाव: सीटों पर भाजपा का दावा, कांग्रेस ने साधी चुप्पी | mp local body election 2022 | Patrika News
छिंदवाड़ा

Election: जिला पंचायत चुनाव: सीटों पर भाजपा का दावा, कांग्रेस ने साधी चुप्पी

दो दिन की माथापच्ची के बाद जिला पंचायत क्षेत्र 25 और 26 पर भाजपा ने जीत का दावा किया है। क्षेत्र 25 में भाजपा समर्थित ललिता कुमरे व कांग्रेस से बैयना बाई परतेती मैदान में थी ।

छिंदवाड़ाJul 04, 2022 / 06:50 pm

Sanjay Kumar Dandale

mp panchayat chunav 2022

mp panchayat chunav 2022

छिंदवाड़ा/पांढुर्ना. दो दिन की माथापच्ची के बाद जिला पंचायत क्षेत्र 25 और 26 पर भाजपा ने जीत का दावा किया है। क्षेत्र 25 में भाजपा समर्थित ललिता कुमरे व कांग्रेस से बैयना बाई परतेती मैदान में थी । इसी तरह क्षेत्र 26 से सुनंदा डोंगरे भाजपा समर्थित व कांग्रेस से इंदूबाई रबड़े के बीच मुकाबला था। भाजपा ने दोनों क्षेत्रों में जीत का दावा किया है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा की जीत के दावे पर चुप्पी साध ली है। शनिवार को पर्चियों के आधार पर जोड़ घटाव के बाद भाजपा ने दोनों सीटों पर हजार से भी अधिक वोटों से जीत हासिल करने का दावा किया है। क्षेत्र 25 में भाजपा के पूर्व विधायक अजय चौरे, राजू परमार, मारोतराव खवसे, नीरज सिंह चौहान, मीनाक्षी खुरसंगे चुनाव में सक्रिय रहे। इसी तरह 26 में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील रबड़े, जितेन्द्र डोंगरे ने प्रचार किया।
गोंडवाना पार्टी की सक्रियता ने उड़ाई नींद
जिला पंचायत से लेकर जनपद और ग्राम पंचायत चुनावों में गोंडवाना पार्टी की सक्रियता ने कांग्रेस व भाजपा की नींद उड़ा दी है। पंचायत चुनाव में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आदिवासी समाज को एकजुट करने में सफ लता हासिल की है। आने वाले समय में दोनों प्रमुख दलों के लिए गोंडवाना पार्टी चुनौती साबित होगी। पार्टी ने दो जनपद सदस्यों सहित ग्राम पंचायतों में बाजी मारी है। क्षेत्र 25 में कई बूथों पर दूसरे नम्बर पर रही है।
26 में निर्दलीय सरसे ने बिगाड़ा गणित
क्षेत्र 26 में निर्दलीय प्रत्याशी पूजा आकाश सरसे ने दोनों ही दलों का गणित बिगाड़ दिया। क्षेत्र की 33 में से 32 पंचायतों
में पूजा ने लगभग 7 हजार वोट हासिल करने का दावा किया है। इससे पहले यहां कांग्रेस से चिंतामन पराडक़र 4200
वोटों से जीते थे तो इंदूबाई रबड़े ने 6800 वोटों से जीत हासिल की थी।
लोधीखेड़ा में 8,293 वोटर करेंगे फैसला
लोधीखेड़ा. नगरीय निकाय चुनाव में प्रचार जोरों पर है। यहां मतदान 13 जुलाई को होगा। मतदाताओं की संख्या 8,293 व १५ वार्ड है। परिषद में कांग्रेस ,भाजपा के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी भी ताल ठोंक रहे हैं। पांच वार्डो में कांग्रेस एवं भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है । दस वार्डों में निर्दलीय भी चुनौती बने हुए हैं। इस बार
अध्यक्ष का निर्वाचन सीधे मतदाता से नहीं होगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो