scriptआखिर क्यों पुलिस हर बार हो जाती है फेल | Policing failure | Patrika News
छिंदवाड़ा

आखिर क्यों पुलिस हर बार हो जाती है फेल

पुलिस प्लान बना रही, लेकिन अमल नहीं कर पा रही

छिंदवाड़ाAug 21, 2019 / 10:57 am

prabha shankar

छिंदवाड़ा. शहर के अंदर सुगम यातायात के लिए पुलिस योजना तो बना रही है, लेकिन उस पर अमल नहीं कर पा रही है। जिले की सडक़ पर सुधार कर दुर्घटना रोकना, लोगों को यातायात का पाठ पढ़ाना, हेलमेट बैंक जैसी कई योजनाएं बीते एक वर्ष में बनाई गईं। इनमें से किसी पर चंद दिनों के लिए अमल किया गया तो कुछ कागजों में ही सिमटकर रह गईं। हालात आज भी वैसे ही हैं जैसे पहले थे। कोई बड़ा सुधार नजर नहीं आया।
सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में हर बार दुर्घटना रोकने के लिए योजना बनाई जाती है। पुलिस विभाग के अधिकारी बड़े-बड़े तर्क देते हैं। इसके बाद अधिकारी टीम बनाकर जिले की किसी एक सडक़ का भ्रमण कर आते हैं।
ऐसा वर्ष में कई बार होता है, लेकिन अधिकारियों के निरीक्षण के बाद उस सडक़ पर किसी भी तरह का सुधार नजर नहीं आता। दुर्घटनाएं और उससे होने वाली मौत के आंकड़े पहले की तरह ही बने हुए हैं।
हाल ही में ट्रैफिक डीएसपी सुदेश कुमार सिंह, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सुनील कुमार शुक्ला ने अमरवाड़ा रोड का निरीक्षण किया था, इसके बाद टीम ने किसी दूसरी सडक़ का निरीक्षण नहीं किया। इसके पहले नागपुर रोड का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें कुछ खामियां मिलीं, लेकिन वे अभी तक दूर नहीं हुईं।

नहीं सुधरे हालात
शहर के भीतर कई बार पार्किंग स्थल बनाने के साथ ही कुछ सडक़ों को वन-वे करने के लिए प्लान बनाया गया। हालांकि अभी तक यह किसी भी स्थान पर पूरी तरह से लागू नहीं हो पाया है। इससे साफ जाहिर होता है कि पुलिस प्लान तो बना रही, लेकिन उस पर अमल नहीं कर पा रही है। यहां तक कि पुलिस दिन में भी भारी वाहनों को शहर में प्रवेश करने से नहीं रोक पा रही है। भीड़ के बीच ये भारी वाहन दौड़ रहे हैं और दुर्घटनाएं हो रहीं हैं। पार्किंग
और सुगम यातायात तो अभी दूर की बात है।


शहर में वन-वे सहित अन्य सुधार कार्य जल्द ही शुरू किए जाएंगे। त्योहार के चलते पुलिस अभी तक व्यवस्था बनाने में लगी हुई थी। धीरे-धीरे अन्य कार्य भी पूरे किए जाएंगे जिससे यातायात में सुधार होगा।
– अशोक तिवारी, सीएसपी, छिंदवाड़ा

Home / Chhindwara / आखिर क्यों पुलिस हर बार हो जाती है फेल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो