scriptTalent: 8वीं क्लास में ही यश ने कर लिया था लक्ष्य तय, मिलती जा रही सफलता | Talent: Yash had set the target in the 8th class itself | Patrika News
छिंदवाड़ा

Talent: 8वीं क्लास में ही यश ने कर लिया था लक्ष्य तय, मिलती जा रही सफलता

सफलता के लिए कोई शॉर्ट कट नहीं होता है।

छिंदवाड़ाJan 04, 2021 / 01:17 pm

ashish mishra

Talent: 8वीं क्लास में ही यश ने कर लिया था लक्ष्य तय, मिलती जा रही सफलता

Talent: 8वीं क्लास में ही यश ने कर लिया था लक्ष्य तय, मिलती जा रही सफलता


छिंदवाड़ा. एक रात में सबकुछ नहीं मिल सकता। अगर सफलता चाहिए तो लगातार प्रयास करना होगा। सफलता के लिए कोई शॉर्ट कट नहीं होता है। यह कहना है छोटी बाजार निवासी 21 वर्षीय यश राज जैन का। यश वर्तमान समय में शासकीय जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक कर रहे हैं। यश के पिता दीपक राज जैन समाजसेवी हैं और माता संगीता जैन गृहिणी। यश ने 10वीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा(मैथ संकाय) में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। वर्ष 2017 में उन्होंने पहले ही प्रयास में जेईई मेन्स क्वालिफाई किया। यश का मानना है कि बोर्ड परीक्षा में अंक महत्वपूर्ण नहीं हैं। सबसे ज्यादा जरूरी है कि नॉलेज। यश जब 8वीं क्लास में थे तभी उनका प्रोजेक्ट नेशनल लेवल पर सलेक्ट हुआ था। स्कूल ने उन्हें आगे के लक्ष्य तय करने में मदद की। तभी उन्होंने 12वीं के बाद बीटेक करने का निर्णय ले लिया था। यश ने बताया कि वह भाग्यशाली हैं कि उन्हें अच्छा स्कूल मिला। 10वीं तक उन्हें कहीं कोचिंग की आवश्यकता नहीं पड़ी। स्कूल में जो पढ़ाया जाता था उसी का अभ्यास घर पर आकर करते थे। जो विषय कमजोर था उस पर ज्यादा ध्यान दिया। बोर्ड परीक्षा में कभी तनाव हावी नहीं होने दिया। पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी रुचि लेते रहे। बोर्ड परीक्षा में घर पर चार से पांच घंटे पढ़ाई करते थे। यश कहते हैं कि जीवन में नॉलेज और रियल लाइफ का अनुभव बहुत काम आता है। इसलिए किताब और सोशल लाइफ दोनों बहुत जरूरी है।

———————————-
प्रश्न-बोर्ड परीक्षाओं में आपके अच्छे माक्र्स हैं। यह कैसे संभव हो पाया?
उत्तर-पढ़ाई पर लगातार ध्यान दिया। ऐसा नहीं था कि परीक्षा करीब आए तभी पढ़ाई की। स्कूल में जो पढ़ाया जाता था उसी को घर पर आकर अभ्यास करते थे। जो विषय कमजोर था उस पर थोड़ा ज्यादा ध्यान देते थे।
प्रश्न-अब तक की उपलब्धि आपके नजर में कैसी है?
उत्तर-अच्छी है। मेहनत करने की और जरूरत है आगे और कंपटीशन बढ़ेगा।
प्रश्न-क्या आप खास हैं?
उत्तर-हां बिल्कुल मैं खुद के लिए खास हूं। मैंने अभी तक ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे सबके लिए खास हो जाऊं, लेकिन करूंगा जरूर।
प्रश्न-आने वाले पांच वर्ष में आप खुद को कहां देखते हैं?
उत्तर-आईआईटी कॉलेज से एमटेक के लिए तैयारी चल रही है। एक अच्छी जॉब जहां पर सोशल लाइफ भी रहे। सीटिंग जॉब में बंधकर नहीं रहना है।
प्रश्न-किसी भी क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए परिवार का सहयोग कितना जरूरी है?
उत्तर- परिवार का सपोर्ट बहुत जरूरी है क्योंकि अगर वह आजादी नहीं देंगे तो आप आगे बढ़ नहीं पाएंगे। पैरेंट्स का सहयोग मिलने पर ही बच्चा सफलता प्राप्त कर सकता है।
प्रश्न-बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से क्या कहेंगे?
उत्तर-अभी बोर्ड परीक्षा में तीन से चार माह शेष हैं। पढ़ाई के साथ खेल सहित अन्य गतिविधि भी करते रहे। तनाव न लें। टाइम टेबल बनाकर पढ़ें। इस समय ऑनलाइन मटेरियल काफी मददगार होंगी। समय प्रबंधन पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो