scriptलड़कियों के यौन शोषण पर सियासत गरम : राहुल ने कहा, अनियोजित लॉकडाउन का असर, प्रियंका बोलीं- पूरी व्यवस्था पर धब्बा | Politics hot on sexual exploitation of girls in UP | Patrika News
चित्रकूट

लड़कियों के यौन शोषण पर सियासत गरम : राहुल ने कहा, अनियोजित लॉकडाउन का असर, प्रियंका बोलीं- पूरी व्यवस्था पर धब्बा

– जिला प्रशासन (District Administration) ने प्रारंभिक जांच में मामले को गलत बताया

चित्रकूटJul 09, 2020 / 02:13 pm

Neeraj Patel

लड़कियों के यौन शोषण पर सियासत गरम : राहुल ने कहा, अनियोजित लॉकडाउन का असर, प्रियंका बोलीं- पूरी व्यवस्था पर धब्बा

लड़कियों के यौन शोषण पर सियासत गरम : राहुल ने कहा, अनियोजित लॉकडाउन का असर, प्रियंका बोलीं- पूरी व्यवस्था पर धब्बा

चित्रकूट. चित्रकूट के खदानों में काम के बदले लड़कियों के यौन शोषण की खबर पर यूपी की सियासत गरम हो गयी है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने टिविट किया है कि यह अनियोजित लॉकडाउन में भूख से मरते परिवार के सामने इस तरह की मजबूरी है। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने टिविट किया है कि चित्रकूट की खबर रोंगटे खड़ी करने वाली है। यह पूरी व्यवस्था पर एक धब्बा है। जबकि, भाजपा ने इस पूरी खबर को फर्जी बताते हुए सरकार को बदनाम करने की साजिश करार दिया है।

जिला प्रशासन ने गलत बताया

गौरतलब है कि खदानों में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण पर एक न्यूज चैनल पर एक खबर प्रसारित हुई थी। इसके बाद बाद प्रशासनिक गलियारे में हलचल मच गयी। मामले की जांच के लिए बुधवार को सम्बंधित गांव में टीम पहुंची। हालांकि, जिला प्रशासन की टीम ने अपनी प्रारंभिक जांच में खबर में सचाई न होने की बात कही थी। जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसी घटना को असत्य बताया। जिला प्रशासन के अनुसार जिन परिवारों के वक्तव्य खबर में दिखाए गए हैं उनसे जब जांच टीम ने सम्पर्क किया तो उक्त परिवारों ने ऐसी किसी भी घटना (यौन शोषण) से इनकार किया। मौके पर आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल, जिलाधिकारी और डीआईजी रेंज चित्रकूटधाम एसपी चित्रकूट सहित जांच टीम के अन्य सदस्य थे। हालांकि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए डीएम ने वरिष्ठ मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में टीम का गठन कर दिया।

आरोप-प्रत्यारोप जारी

वहीं, अब इस मामले को लेकर कांग्रेस व बीजेपी में सोशल मीडिया पर बयानबाजी शुरू हो गयी है। मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि” अनियोजित लॉकडाउन में भूख से मरता परिवार… इन बच्चियों ने जिंदा रहने की ये भयावह क़ीमत चुकाई है. क्या ये ही हमारे सपनों का भारत है?”

वहीं प्रियंका गांधी ने अपने फेसबुक पेज पर खबर का हवाला देते हुए लिखा है कि “चित्रकूट की यह खबर पढ़कर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। जब केंद्र व यूपी सरकार की तरफ से तमाम घोषणाएं की जा रही हैं और बड़े-बड़े प्रचार हो रहे हैं वैसे में छोटी-छोटी बच्चियों के साथ इस तरह की अमानवीय हरकत पूरी व्यवस्था पर एक धब्बा है। सरकार और संबंधित आयोग को तुरंत संज्ञान में लेकर इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। उधर, बीजेपी ने पलटवार करते हुए खबर को फर्जी बताया है। बीजेपी आईटी सेल के अमित मालवीय ने ट्वीट करते हुए कहा कि “ये पूरा मामला फर्जी है,चैनल ने लालच देकर फर्जी वीडियो बनाया है”। बहरहाल सोशल मीडिया पे इस मामले को लेकर वाकयुद्ध जारी है।

Home / Chitrakoot / लड़कियों के यौन शोषण पर सियासत गरम : राहुल ने कहा, अनियोजित लॉकडाउन का असर, प्रियंका बोलीं- पूरी व्यवस्था पर धब्बा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो