scriptखुद की 262 शिकायतों का निस्तारण नहीं कर पाने वाली नगर परिषद दूसरे विभागों की ले रही जिम्मेदारी, ऐसे बनेगी देश की नंबर वन नगर परिषद | city council churu | Patrika News
चुरू

खुद की 262 शिकायतों का निस्तारण नहीं कर पाने वाली नगर परिषद दूसरे विभागों की ले रही जिम्मेदारी, ऐसे बनेगी देश की नंबर वन नगर परिषद

नगरपरिषद लोगों को राहत देने का लाख दावा करे लेकिन सपंर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरण नगरपरिषद प्रशासन की पोल खोल रहे हैं

चुरूFeb 16, 2018 / 11:31 am

Rakesh gotam

churu city council
केस एक: शहर के अगुणा मोहल्ला निवासी रामावतार भणभैरू अपने घर के आगे सार्वजनिक चौक पर हो रहे अतिक्रमण हटवाने के लिए नगर परिषद में तीन महीनों से चक्कर लगा रहा है। मगर परिषद के सभापति, आयुक्त व अभियंता ने आज तक उसकी समस्या का समाधान नहीं किया है।

केस दो : शहर में वार्ड 15 निवासी युनूस खान करीब डेढ़ महीने से घर के पास लगे कचरे के ढेरों को हटवाने के लिए कई बार परिषद के चक्कर लगा चुका है। संपर्क पोर्टल पर भी समस्या दर्ज करवा चुका है। मगर आज तक नगर परिषद की ओर से समस्या का पूर्णतया समाधान नहीं किया गया है।
चूरू.

नगर परिषद लोगों को राहत देने का लाख दावा करे लेकिन सपंर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरण नगरपरिषद प्रशासन की पोल खोल रहे हैं। न जाने परिषद में कितने मामले ऐसे हैं जो आज भी निस्तारण के इंतजार में है। ऐसी परिस्थितियां होने के बावजूद अब नगर परिषद प्रशासन अपने कार्यालय परिसर में नागरिक सेवा केन्द्र स्थापित करने जा रहा है। अपने खुद के कामों की सुध लेकर जनता को राहत देने की बजाय अधिकारियों का दावा है कि यहां सभी महकमों से संबंधित समस्याएं-शिकायतें दर्ज की जाएंगी।

यहां से संबंधित महकमों को समस्याओं से अवगत करवाकर उनका समाधान करवाया जाएगा। जबकि हकीकत ये है कि 15 अगस्त से 15 फरवरी तक राज्य सरकार के संपर्क पोर्टल पर दर्ज अपने महकमे से संबंधित शिकायतों-समस्याओं में से अधिकांश का नगर परिषद ने अब तक समाधान नहीं किया है। इस अवधि में पोर्टल पर 312 जनों ने नगर परिषद से संबंधित अपनी समस्याएं डाली। जिनमें से महज 50 का समाधान किया गया है। 262 समस्याएं आज भी लंबित चल रही हैं। इनमें से भी 32 तो रिजेक्ट करके परिषद ने अपना पल्ला झाड़ लिया है। ये हकीकत तो महज उन शिकायतों की हैं जो संपर्क पोर्टल पर दर्ज हैं। इसके अलावा ऐसे अनेक लोग हैं जो संपर्क पोर्टल पर समस्याएं दर्ज करवाने की बजाय रोजाना अधिकारियों की टेबलों पर चक्कर लगा रहे हैं। जिन्हें अधिकारी समाधान करने की बजाय टरका रहे हैं।
ये है दावा

नगर परिषद में 17 फरवरी को नागरिक सेवा केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। जिसमें रोजाना 300 शहरवासियों को फोन करके परिषद सहित सभी महकमों से जुड़ी समस्याएं दर्ज की जाएंगी। यहां से समस्याएं संबंधित विभागों को भेजकर निस्तारण करवाया जाएगा। केंद्र का उद्घाटन ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री राजेंद्र राठौड़ व सभापति विजय शर्मा करेंगे।
”नागरिक सेवा केंद्र में कॉल करके शहरवासी अपनी सभी महकमों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करवा सकेंगे। वार्ड 15 में जहां समस्या है वो रेलवे के क्षेत्राधिकार में है। संपर्क पोर्टल पर अधिकांश समस्याओं का समाधान किया जा चुका है।”

विजय कुमार शर्मा, सभापति नगर परिषद, चूरू

Home / Churu / खुद की 262 शिकायतों का निस्तारण नहीं कर पाने वाली नगर परिषद दूसरे विभागों की ले रही जिम्मेदारी, ऐसे बनेगी देश की नंबर वन नगर परिषद

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो