
श्रीलंका दौरे पर जाने वाली भारतीय U-19 टीम के प्रोग्राम का ऐलान, इस तारीख को डेब्यू करेंगे अर्जुन तेंदुलकर
नई दिल्ली। गुरुवार को मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर का भारतीय अंडर 19 टीम में चयन हुआ था। भारत की अंडर-19 टीम के आने वाले श्रीलंकाई दौरे का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया। भारत के युवा यहां दो, चार दिवसीय मैच और पांच वनडे मैचों की सीरीज खेलेंगे। भारत 10 जुलाई को कोलंबो पहुंचेगी और नोनेडेस्क्रीप्च क्रिकेट क्लब पर 12-13 जुलाई को दो अभ्यास मैच खेलेगी। पहला चार दिवसीय मैच, काटुनायके में चिल्लाव मारियंस ग्राउंड पर 16 से 19 जुलाई के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच 23 से 26 जुलाई के बीच हम्बानटोटा के माहिंदा राजपक्षे अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित होगा।
वनडे टीम में नहीं मिल सकी जगह
इन दो मैचों में सभी की नजरें सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर पर होंगी, जिन्हें पहली बार अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है। अर्जुन हालांकि वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं। पांच वनडे सीरीज की शुरुआत पी. सारा ओवल मैदान पर 29 जुलाई को होगी। इसके बाद अगले दो मैच सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर एक अगस्त और चार अगस्त को खेले जाएंगे। अंतिम दो वनडे मैच छह और नौ अगस्त को मोटुर्वा डे सोयसा स्टेडियम में खेले जाएंगे।
अर्जुन के चुने जाने के बाद से ही तिकी हैं उनपर सब की निगाहें
अर्जुन तेंदुलकर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और मध्यक्रम के बल्लेबाज हैं। उनकी लंबाई छह फीट एक इंच है, पहले वो बस गेंदबाज ही बनना चाहते थे । गेंदबाजी में उन्हें अपनी लम्बाई से मदद भी मिलती है । पिछले कुछ समय में ही बल्लेबाजी में भी कुछ अच्छी पारियां अर्जुन के बल्ले से देखने को मिली हैं । बेंगलुरू में गुरुवार को भारत अंडर -19 की दो टीमें घोषित की गयी थी जिनकी अगुवाई अनुज रावत और आर्यन जुयाल करने वाले हैं । यह चयन बैठक दिलचस्प बन गयी क्योंकि आशीष कपूर, ज्ञानेंद्र पांडे और राकेश पारिख की तीन सदस्यीय चयन समिति ने जूनियर तेंदुलकर को भारत की अंडर 19 टीम के लिये चुना था ।
Updated on:
8 Jun 2018, 7:44 PM IST
Published on:
8 Jun 2018, 7:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.