नई दिल्ली : अंशुमान रथ की याद हैं आपको। जी हां, सही समझे। वही हॉन्गकॉन्ग क्रिकेट टीम के कप्तान, जिन्होंने पिछले साल दुबई में खेले गए एशिया कप में भारत के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी थी। टीम इंडिया से जीत के लिए मिले 286 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने अपने ओपनिंग साझेदार के साथ मिलकर 174 रन की पार्टनरशिप कर भारत के माथे पर पसीना ला दिया था। जब तक वह विकेट पर थे, लग रहा था कि हॉन्गकॉन्ग की टीम उलटफेर कर सकती है। हालांकि इनके आउट होते ही पूरी टीम भरभरा गई थी और जीत के काफी करीब पहुंचकर 26 रन से हार गई थी। इस साझेदारी में इस भारतीय मूल के खिलाड़ी ने 73 रन का योगदान दिया था और साबित कर दिया था कि उनके पास दुनिया के सर्वश्रेष्ठ आक्रमण के सामने रन बनाने की क्षमता है। अब उनका सपना टीम इंडिया से खेलने का है। इसलिए हॉन्गकॉन्ग की टीम छोड़कर उन्होंने भारत में बसने का फैसला लिया है।