लखनऊ। शहर के अलीगंज इलाके में एक गैंगरेप की शिकार महिला पर कुछ बदमाशों ने फिर से एसिड अटैक किया। जानकारी के मुताबिक महिला एसिड पीड़ितों द्वारा चलाए जा रहे एक कैफे में काम करती है। अलीगंज स्थित हॉस्टल के बाहर जब पीड़ित महिला पानी भर रही थी, उसी दौरान कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उस पर एसिड फेंक दिया। जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई। तीन महीने पहले भी महिला पर रायबरेली से लखनऊ आते वक्त ट्रेन में एसिड अटैक हुआ था। उस वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला से मुलाकत कर उसे पूरी सुरक्षा का भरोसा दिलाया था।
महिला को मिली है सुरक्षा
दरअसल 2008 में जायदाद विवाद के चलते कुछ लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया था। उस वक्त मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया था। घटना के तीन साल बाद 2011, 2013 और इसी साल तीन महीने पहले महिला के ऊपर एसिड अटैक हुआ। जिसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षा दी थी। पुलिस के मुताबिक जब हमला हुआ तो महिला के सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी हॉस्टल के अंदर थे, जबकि महिला पानी लेने बाहर गई थी।
एसिड से महिला के चेहरे को नुकसान
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि हमले से महिला के चेहरे के दाहिनी ओर कुछ नुकसान पहुंचा है। अभी वो बयान देने की स्थिति में नहीं है। मामले में रायबरेली से कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी खबर है। पीड़ित महिला दो बच्चों की मां भी है।
Home / Crime / लखनऊ में गैंगरेप की शिकार महिला पर चौथी बार एसिड अटैक