scriptतय बाजार भाव से 5 हजार रुपए महंगा बिक रहा सोना | Gold sold at 5 thousand rupees more than fixed market price | Patrika News
दमोह

तय बाजार भाव से 5 हजार रुपए महंगा बिक रहा सोना

तय बाजार भाव से 5 हजार रुपए महंगा बिक रहा सोना

दमोहMay 27, 2020 / 04:57 pm

Sanket Shrivastava

Gold Price

Gold Price:

दमोह. लॉकडाउन खुलने के बाद कुछ कारोबारों में जमकर उछाल आया है। इन्हीं में से एक सराफा बाजार है, जहां इस समय सोने चांदी के भाव आसमान छू रहे हैं। बाजार में सोना ५१ हजार रुपए प्रति दस ग्राम मतलब एक तोला मिल रहा है। जबकि सोने का तय मंडी भाव ४७ हजार २०० रुपए है। तय भाव से लगभग पांच हजार रुपए प्रति दस ग्राम बिक रहे सोने ने उन व्यापारियों की लॉटरी खोल दी, जिन्होंने लॉकडाउन के पहले सोने की खरीदी कर ली थी। अब वही व्यापारी इस कारोबार में जमकर मुनाफा कमा रहे हैं। हालांकि सोना अधिक महंगा होने की वजह से इसकी खपत भी पिछले दो माह की अपेक्षा इस समय आधी बची है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दमोह शहर के सराफा बाजार में संक्रमण काल से पहले प्रतिदिन दो से ढाई किलो सोने की खपत हो जाती थी। लेकिन अब लगभग एक किलो की खपत होना ही आंकी जा रही है।
सराफा व्यापारी चंदू सोनी ने बताया है कि बाजार में लॉकडाउन के पहले की गई खरीदी का सोना ही बिक रहा है। सोनेे की आवक बिल्कुल भी नहीं हो रही है। दमोह में सोना चांदी सागर सराफा मंडी से लाया जाता है। सागर सराफा के जिन बड़े व्यापारियों द्वारा लॉकडाउन के पहले खरीदी की गई थी उनसे ही सोना उपलब्ध हो पा रहा है। इस कारण सोने के भाव बाजार में अधिक हैं। जब तक सोने की आवक सराफा मंडियों में शुरू नहीं होती है। तब तक यही स्थिति रहेगी। फिलहाल फुटकर दुकानों पर सोने के भाव ५१ हजार रुपए तोला है, भले ही इसका बाजार रेट ४७ हजार २०० है।
लॉकडाउन होने के बाद भी शादियों के संपन्न होने का क्रम चल रहा है। शादी में सोने की खरीदी ही प्रमुख होती है। इस समय भी बाजार में जो सोने के आभूषण बिक रहे हैं वह प्रमुखत: से शादियों के लिए ही खरीदे जा रहे हैं। ऐसे में लोगों की मजबूरी महंगा सोना खरीदने की बनी हुई है। बताया गया है कि इसी कारण सोने की बिक्री भी पहले जितनी नहीं हो रही है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो