दो किमी लंबा रास्ता किया सवा घंटे में पूरा
दमोह•Sep 03, 2018 / 12:43 pm•
Rajesh Kumar Pandey
Kamal Nath arrives in a meeting place between flowerpark and helipad
दमोह. लगातार हार के बाद दमोह जिले में कांग्रेस में उत्साह व ऊर्जा का संचार रविवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के आगमन पर नजर आया। हैलीपेड से लेकर तहसील ग्राउंड तक के लगभग दो किमी लंबे रास्ते पर कांग्रेसियों द्वारा किए गए अभूतपूर्व स्वागत किए जाने से करीब सवा घंटे बाद कमलनाथ का काफिला तहसील ग्राउंड पहुंचा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हैलीपेड से लेकर तहसील ग्राउंड के बीच करीब 50 से अधिक जगह स्वागत किया गया। कमलनाथ के काफिले में घोड़े, हाथी, डीजे बाइक सवार, पैदल कांग्रेसजन चल रहे थे। कई वर्षों बाद पूरे जिले से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं द्वारा कमलनाथ के स्वागत की होड़ मची हुई थी। जिससे पूरे दो किमी लंबे रास्ते पर पुष्प बारिश से फूल बिछते हुए जा रहे थे।
मेरा ढाई सौ ग्राम खून बढ़ गया
कांग्रेस नेताओं का उत्साह देखकर कमलनाथ भी गदगद हुए। उन्होंने अपने भाषणों में कहा कि भले ही दमोह पहुंचकर सभा स्थल तक आने में मेरा सवा घंटे में पसीना निकल गया हो, लेकिन आप लोगों का स्वागत सत्कार और जनसमूह देखकर मेरा ढाई सौ ग्राम खून भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ताओं की अपार भीड़ यहा हैं, वह सरकारी दबाव, योजनाओं के लालच में लाई नहीं गई है, बल्कि यहां स्वयं आई है, जिससे प्रतीत हो रहा है कि जनता भी अब शिवराज की कलाकारी को समझ गई है।
मैं शिवराज की प्रशंसा करता हूं
मैं शिवराज की आलोचना नहीं करता हूं। मैं उनकी प्रशंसा और उनकी हिम्मत की दाद देता हूं कि उनके राज में नौजवान, महिलाएं, गरीब, व्यापारी, कर्मचारी सभी परेशान हैं, फिर भी आशीर्वाद मांगने आ रहे हैं। यदि उन्होंने वास्तविकता में प्रदेश की जनता का भला किया होता तो उन्हें आशीर्वाद मांगने नहीं निकलना पड़ता, जनता उनके पास जाकर उनको आशीर्वाद देती। उनकी हिम्मत की दाद इसलिए देता हूं कि प्रदेश बेरोजगारी में अव्वल है, महिला अत्याचारों में अव्वल है, फिर भी जनता से आशीर्वाद मांगने सरकारी कर्मचारियों की दम पर निकल रहे हैं।
नाथ की शक्ति है साथ
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय टंडन ने कहा कि जिले की चारों विधानसभाओं से कार्यकर्ता पहुंचे हैं। निश्चित ही आने वाले चुनावों में कांग्रेस इस सभा के बाद बेहतर प्रदर्शन कर जीत हासिल करेगी।
फसल बीमा मामले में किया विश्वसघात
जबेरा से कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह लोधी ने कहा कि जबेरा विधानसभा सहित जिले की चारों विधानसभा में फसल बीमा के मामले में छलावा किया गया है। उनकी विधानसभा में योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं किया जा रहा है। दोहरी नीति अपनाने से अब भाजपा की मौजूदा सरकार के प्रति जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है।
27 में से 20 सीटें जीतेगी कांग्रेस
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजा पटेरिया ने कहा कि सत्ता के मद में बौराए भाजपा के मदमस्त मंत्री व विधायकों के साथ भ्रष्ट प्रशासन को इस बार प्रदेश की गरीब जनता, मध्यम वर्गीय, व्यापारी व किसान करारा तमाचा देंगे। जनता की यह ताकत जो तहसील ग्राउंड पर मौजूद है यही जनता शिवराज का सिंहासन हिलाकर कमलनाथ के सिर ताज रखेगी। बुंदेलखंड की 27 सीटों में से इस बार कांग्रेस के पक्ष में 20 सीटें और जिले की चारों विधानसभा पर कांग्रेस की चारों सीटें जीतेगी।
समृद्धों और चमचों को मिला लाभ
पवई विधायक मुकेश नायक ने कहा कि भाजपा के 15 साल के कुशासन में शहर से लेकर गांव तक यदि योजनाओं का लाभ मिला है तो वह समृद्धों और मंत्री विधायकों के चमचों को मिला है। दमोह विधानसभा में ही केवल विकास जयंत मलैया का हुआ है न की दमोह की जनता का। इनकी जमीनें इनके संस्थान ही बढ़े हुए दिखाई दे रहे हैं। जिन नौजवानों ने दिन-रात मेहनत की, लेकिन वे कॅरियर परीक्षाओं में पास नहीं हुए, लेकिन जिन्होंने कॉपी खाली छोड़ दी वे व्यापमं के माध्यम से आज डॉक्टर बने हुए हैं।
हरिराम, प्रदुम्मन कांग्रेस में शामिल
आदिवासी नेता हरिराम सिंह ठाकुर अपने एक हजार कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। वहीं हिंडोरिया राज परिवार के प्रदुम्मन सिंह ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इसके अलावा कई भाजपा नेताओं ने कमल छोड़कर कमलनाथ कांग्रेस का दामन थामा।