दौसा. सिकंदरा थानान्तर्गत जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भोजपुरा गांव के समीप सोमवार अलसुबह तीन वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में एक जने की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार सुबह 5 बजे भोजपुरा गांव के समीप हाइवे पर ट्रेलर खराब हो गया। चालक ने ट्रेलर को हाइवे की स्लो लाइन पर खड़ा किया हुआ था। इसी दौरान भरतपुर से जयपुर की ओर तेज गति से आ रहे कंटेनर ने ट्रेलर को टक्कर मार दी। इसी बीच पीछे से आ रही कार ने भी कंटेनर को टक्कर मार दी। हादसे में कंटेनर चालक सैय्यद (30) पुत्र मुनताज खां निवासी लभेरी उर्फ बुलंदनगर थाना हाफिजगंज, बरेली, उत्तरप्रदेश की मौत हो गई तथा कंटेनर का खलासी शाहरुख खां व कार सवार एक जना घायल हो गया। हादसे के वक्त चालक का शव केबिन में फंस गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से मशक्कत कर चालक के शव को केबिन से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया मृतक कंटेनर चालक के शव का राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।