scriptVIDEO हम शपथ लेते हैं कि जलस्त्रोतों को सहेजेंगे..पर्यावरण को स्वच्छ रखेंगे…स्वच्छता में सहभागी बनेंगे… | amritam jalam dewas | Patrika News
देवास

VIDEO हम शपथ लेते हैं कि जलस्त्रोतों को सहेजेंगे..पर्यावरण को स्वच्छ रखेंगे…स्वच्छता में सहभागी बनेंगे…

-पत्रिका के अमृतं जलम् अभियान में उमड़े लोग, कलेक्टर-एसपी समेत जिला व पुलिस प्रशासन ने की सहभागिता

देवासJun 03, 2019 / 12:31 pm

Amit S mandloi

dewas

dewas

देवास. रविवार सुबह के सात बज रहे थे। बायपास स्थित कालूखेड़ी तालाब पर हुजूम उमड़ रहा था। समय बढऩे के साथ ही भीड़ बढ़ रही थी। हाथों में थे ग्लव्स और माथे से टपक रहा था पसीना। कहीं पॉलीथिन के ढेर लगे हुए थे तो कहीं प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियां पड़ी हुई थी। कचरा फैला हुआ था, लेकिन कुछ घंटों बाद जब नजर दौड़ाई तो स्थिति बदली हुई थी। खास और आम की सहभागिता से स्वच्छता नजर आने लगी थी। दिल में सुकून था लेकिन मन में दुख भी था। दुख इस बात का कि इस बदहाली के जिम्मेदार हम ही तो हैं। कचरा, पॉलीथिन, प्लास्टर ऑफ पेरिस सब हमारे ही कारण तो यहां-वहां फैला था, इसलिए इस स्थिति को बदलने पर बात हुई। शपथ दिलाई। संकल्प लिया। जलस्त्रोतों के संरक्षण का। पर्यावरण को बचाने का। स्वच्छता का।
दरअसल यह नजारा था रविवार को पत्रिका के अमृतं जलम् अभियान का। अभियान के तहत कालूखेड़ी स्थित तालाब में साफ-सफाई की गई। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के साथ ही नर्सिंग स्टूडेंट्स, एनजीओ, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित आमजन की सहभागिता रही। सुबह सात बजे से नौ बजे तक तालाब में श्रमदान किया। अलग-अलग टीमों में बंटकर सबने अलग-अलग हिस्सा चुना। सबसे ज्यादा पॉलीथिन निकली जो यहां वहां फैली थी। कुछ जो जमीन में गड़ी हुई थी जिन्हें फावड़े से निकाला गया। इसी तालाब में गणेशोत्सव व नवरात्रि के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। मिट्टी की प्रतिमा तो गल जाती है लेकिन प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाएं उसी स्थिति में पड़ी रहती है। रविवार को भी कुछ मूर्तियां निकली, जिन्हें देखकर लोगों को ग्लानि भी हुई और संकल्प लिया कि अब मिट्टी की प्रतिमाओं की स्थापना करेंगे। इसके अलावा पूजा सामग्री, हार-फूल, दूसरी तरह का कचरा भी फैला हुआ था। इसे साफ कर नगर निगम की ट्रॉलियों में भरा गया। करीब तीन से चार ट्रॉली कचरा निकला। नगर निगम की ओर से जेसीबी व पोकलेन बुलवाई जिसके द्वारा तालाब के गहरीकरण का काम शुरू हुआ।
dewas
patrika IMAGE CREDIT: patrika
dewas
patrika IMAGE CREDIT: patrika
तालाब का होगा गहरीकरण

अभियान के दौरान कलेक्टर डॉ. श्रीकांत पांडेय, एसपी चंद्रशेखर सोलंकी, जिपं सीईओ शीतला पटले, एडीएम व निगम कमिश्नर नरेंद्र सूर्यवंशी, एसडीएम जीवन सिंह रजक, डीपीसी राजीव सूर्यवंशी, स्वच्छता निरीक्षक आरएस केलकर, भाजपा नेता रायसिंह सैंधव, मनीष सेन, राजेश यादव, क्षेत्रीय पार्षद संजय दायमा, कांग्रेस नेता मनोज राजानी, चंद्रपाल सिंह सोलंकी, रोहित शर्मा सहित अभा बलाई महासभा, ब्राह्रमण समाज, राजपूत समाज सहित अन्य समाजों के लोग उपस्थित थे। राजस्व अमला, पुलिस लाइन का फोर्स, नवआरक्षक, नगर निगम अमला मौजूद था। इसके साथ ही नगर जनहित सुरक्षा समिति, मित्राय वेलफेयर सोसायटी सहित शिक्षक, स्टूडेंट्स, खेल प्रशिक्षक सहित जनसमुदाय उपस्थित था। अंत में अरविंद त्रिवेदी ने संचालन कर सभी को जिम्मेदारी याद दिलाई। कलेक्टर डॉ. पांडेय ने शपथ दिलाई कि जलस्त्रोतों को सहेजें। पर्यावरण को स्वच्छ रखें। स्वच्छता में सहभागी बने। निगम प्रशासन ने तालाब के गहरीकरण की बात कही ताकि आने वाली बारिश में तालाब लबालब भर जाए।

Home / Dewas / VIDEO हम शपथ लेते हैं कि जलस्त्रोतों को सहेजेंगे..पर्यावरण को स्वच्छ रखेंगे…स्वच्छता में सहभागी बनेंगे…

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो