scriptप्रभारी ने बांटा गंगाजल, कार्यकर्ता बोले- सभी पर डाल दो छींटे तो मंत्री ने कहा यह दुष्टों का करेगा नाश (देखे वीडियो) | congress meting dewas | Patrika News
देवास

प्रभारी ने बांटा गंगाजल, कार्यकर्ता बोले- सभी पर डाल दो छींटे तो मंत्री ने कहा यह दुष्टों का करेगा नाश (देखे वीडियो)

मुझे कहने में संकोच नहीं…हम नहीं जीत रहे लोकसभा चुनाव -लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए हुई बैठक में बोले शहर कांग्रेस अध्यक्ष -देवास विधानसभा की हार का दुख फिर छलका, कार्यकर्ता बोले- आखिर क्यों बढ़ गई देवास की लीड -हार की समीक्षा लोकसभा के बाद करने पर आई आवाज-लोकसभा के बाद बचेगा ही क्या

देवासFeb 18, 2019 / 11:16 am

हुसैन अली

dewas

dewas

देवास. चंद्रप्रकाश शर्मा लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस की बैठकों में देवास विधानसभा में हुई हार का मामला अब भी उठ रहा है। पर्यवेक्षक गंगाजल बांट रहे हैं तो कार्यकर्ता सवाल उठा रहे हैं। इन सबके बीच शहर कांग्रेस अध्यक्ष यहां तक कह गए कि माफ करना मुझे कहने में कोई संकोच नहीं है कि हम लोकसभा का चुनाव नहीं जीत रहे हैं। विधानसभा चुनाव में हार की समीक्षा की बात भी हुई।
दरअसल रविवार को सेन धर्मशाला में कांग्रेस की बैठक हुई। इसमें संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारी शामिल हुए। संभागीय पर्यवेक्षक जोतसिंह बिष्ट ने संबोधित करते हुए कहा कि सबसे पहले आप सबको विधानसभा चुनाव में विजय होने की बधाई देता हूं।
हमें पूरी एकता के साथ लोकसभा के चुनाव में भी काम करना है। मंडलम सेक्टर एवं बूथ की जो लिस्ट हमारे पास है उसे सभी मिलकर अपडेट करें। आज लोकसभा में चार विधायक हमारे साथ हैं। जनता का विश्वास हमारे साथ है, सिर्फ हम सब लोगों को मिलकर ईमानदारी से मेहनत करना है। मुझे भरोसा है कि आपने जिस निष्ठा और ईमानदारी के साथ विधानसभा के चुनाव मे काम किया है उसी निष्ठा और ईमानदारी से लोकसभा के चुनाव में भी काम करते हुए हम राहुलजी को प्रधानमंत्री बनाने में कामयाब होंगे। आतंकवादी घटनाओ को लेकर बिष्ट ने कहा कि एक के बदले 10 सिर लाने वाले अब चुप क्यों हैं। लोनिवि मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वचन पत्र में जो वादे प्रदेश की जनता से किए थे वे लगातार पूरे होते चले जा रहे हैं। कांग्रेस के हर कार्यकर्ता में जोश है। यह जोश हमें लोकसभा के चुनाव में अवश्य विजय दिलाएगा।
बैठक को प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक जोधाराम गुर्जर, शाजापुर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष योगेंद्रसिंह बंटी बना, रामवीरसिंह सिकरवार, आगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बाबूलाल यादव, शाजापुर के कैलाश पटोलीया, देवास विधानसभा से जयसिंह ठाकुर, नजर शेख ने भी विचार रखे। हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी विशेष रूप से उपस्थित थे। संचालन प्रवक्ता सुधीर शर्मा ने किया। आभार कांग्रेस नेता शौकत हुसैन ने माना।
देवास से न हो जाए लोकसभा में गड्ढा

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा कि देवास विधानसभा की बैठक अलग से बुलाओ ताकि देवास विधानसभा के कारण लोकसभा में गड्ढा न हो। हमारे लिए वे चार विधानसभा महत्वपूर्ण है जिनमें अभी हम कुछ वोटों से हारे हैं, लेकिन देवास विधानसभा हमारे लिए एक बार ्िरफर चुनौती है जिसमें सफल होना हमारी पहली प्राथमिकता रहना चाहिए। मेरा अनुरोध है कि बिष्ट साहब इस पर विशेष ध्यान देंगे। अब तक के आंकड़े देखने की जरुरत है। मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि इस तरह तो हम लोकसभा चुनाव जीत नहीं पाएंगे। लोकसभा में सबसे बड़ा देवास है। सबसे ऊर्जावान नेता देवास में है फिर क्या कमी है। मैं तो खुद के ऊपर बात करना चाहता हूं।
मंत्री ने कहा दुष्टों का नाश करेगा गंगाजल

बैठक में प्रभारी बिष्ट ने गंगाजल के कलश जीते हुए विधायकों को व जिलाध्यक्षों को बांटे। गंगाजल लेने के बाद मंत्री वर्मा कहने लगे कि यह जल दुष्टों का नाश करेगा। उनका इशारा कांग्रेस के ही कुछ नेताओं पर था, जिसकी कांग्रेसियों में चर्चा हुई कि आखिर वर्मा ने ऐसा क्यों कहा। इधर कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि सबको गंगाजल नहीं मिल पाएगा तो बेहतर है कि सभी पर छींटे ही डाल दो। इधर बैठक में संख्या संतोषजनक नहीं रहने पर बिष्ट बोले कि कुछ दिन बाद बावराजी के यहां शादी है। वहां तो ५०० लोग चले जाएंगे, फिर बैठक में क्यों नहीं आ पाते।
…तब कहां गए थे मंडलम-सेक्टर

सूत्रों के मुताबिक बैठक में संगठन को लेकर सवाल भी उठे। कहा गया कि मंडलम सेक्टर की भूमिका की बात हो रही है तो ये सब तो विधानसभा में भी थे, फिर देवास की लीड २८ हजार क्यों हो गई। क्या हुआ ऐसा कि लीड बढ़ गई। संगठन में जिस मकसद के साथ फेरबदल किया गया था क्या वह पूरा हुआ है। यह तो पहले जैसी ही बात हो गई। विधानसभा चुनाव में हार की समीक्षा की बात हुई तो जवाब मिला कि लोकसभा के बाद करेंगे। इस पर कार्यकर्ताओं के बीच से आवाज आई कि लोकसभा के बाद बचेगा ही क्या जो समीक्षा करोगे।
dewas
patrika IMAGE CREDIT: patrika

Home / Dewas / प्रभारी ने बांटा गंगाजल, कार्यकर्ता बोले- सभी पर डाल दो छींटे तो मंत्री ने कहा यह दुष्टों का करेगा नाश (देखे वीडियो)

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो