script2018 में लापता हुआ, सवा दो साल बाद कुएं से मिली थी हड्डियां, अब दर्ज हुआ हत्या का केस | dewas crime news | Patrika News
देवास

2018 में लापता हुआ, सवा दो साल बाद कुएं से मिली थी हड्डियां, अब दर्ज हुआ हत्या का केस

-फीमर बोन की जांच से खुलासा, डीएनए जांच से हुई शिनाख्त, किटिया निवासी था युवक, आरोपी का पता लगाने के लिए लगी पुलिस टीम

देवासAug 08, 2022 / 01:46 pm

Satyendra Singh Rathore

2018 में लापता हुआ, सवा दो साल बाद कुएं से मिली थी हड्डियां, अब दर्ज हुआ हत्या का केस

2018 में लापता हुआ, सवा दो साल बाद कुएं से मिली थी हड्डियां, अब दर्ज हुआ हत्या का केस

देवास. जिले के कन्नौद क्षेत्र के गांव किटिया में लापता हुए युवक की तलाश साल दर साल परिजन व पुलिस करते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। करीब सवा दो साल के बाद एक कुएं में हड्डियां एक पोटली में बंधी हुई मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत का कारण जानने के लिए हड्डी की जांच करवाई जिससे हत्या की पुष्टि हुई। इसके साथ ही लापता युवक के परिजन का डीएनए टेस्ट करवाया गया जिससे उसकी शिनाख्त हुई। मामले में अब कन्नौद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम किटिया निवासी विजेश गोंड 10 अक्टूबर 2018 को अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन पता नहीं चला, इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस भी प्रयास करती रही लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। करीब सवा दो साल के बाद जनवरी 2021 में देवसिराल्या गांव के जंगल में खेत पर बने घासीराम के कुएं से पोटली में बंधी हुई हड्डियां मिली थीं। इनकी जांच के लिए पुलिस ने हड्डियां एमवाय अस्पताल इंदौर पहुंचाई थी। यहां विशेष हड्डी (फीमर बोन) की जांच करवाई। इससे मानव हड्डी होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने कहा फीमर बोन की जांच व लापता युवक के परिजनों के डीएनए जांच से सुराग मिल सकते हैं इसके बाद पुलिस ने दोनों जांच करवाने का निर्णय लिया। फीमर बोन की जांच से हत्या संबंधी पुष्टि हुई। उधर लापता युवक की ही हड्डियां होने की पुष्टि के लिए उसकी मां का डीएनए टेस्ट करवाया गया जो मैच हो गया। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर धारा 302, 201 के तहत शनिवार रात को केस दर्ज किया। प्रेम प्रसंग, लेनदेन व रंजिश के बिंदुओं के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
वर्जन
फीमर बोन जांच के आधार पर डॉक्टर ने हत्या की पुष्टि की है। लापता युवक विजेश की मां का डीएनए टेस्ट करवाया गया था जो मैच हुआ है। इसकी रिपोर्ट शनिवार को प्राप्त हुई है। इसके आधार पर अज्ञात व्यक्ति पर हत्या का केस दर्ज किया गया है, आरोपी का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सूर्यकांत शर्मा, एएसपी कन्नौद।

Home / Dewas / 2018 में लापता हुआ, सवा दो साल बाद कुएं से मिली थी हड्डियां, अब दर्ज हुआ हत्या का केस

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो