scriptमायके जाने की बात पर पति ने किया पत्नी का ये हश्र | husband burned his wife for no reason | Patrika News
देवास

मायके जाने की बात पर पति ने किया पत्नी का ये हश्र

रात में भोजन उतारने की बात पर हुआ था विवाद, जली हालत में अकेली आधा किमी पैदल चल थाने पहुंची महिला

देवासDec 07, 2017 / 02:40 pm

अर्जुन रिछारिया

dewas burnt case
देवास/उदयनगर. पति-पत्नी के बीच में मंगलवार रात को भोजन उतारने की बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर पत्नी ने पति से कहा कि मैं अपने मायके चली जाऊंगी। इस बात पर पति नाराज हो गया और शराब के नशे में पत्नी पर घासलेट डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आते ही पत्नी जोर-जोर से चिल्लाई, जिसे पास में ही रहने वाली उसकी ननद ने बचाया और आग बुझाई। महिला घायल अवस्था में मिर्जापुरा से पैदल अकेली उदयनगर थाने पहुंची और पति के खिलाफ जान से मारने का प्रकरण दर्ज करवाया गया।
उदयनगर टीआई कैलाश सोलंकी ने बताया, पति-पत्नी के बीच में मंगलवार रात ९ बजे विवाद हो गया था। आरोपित पति रमेशसिंह ने शराब के नशे में पत्नी गीताबाई (३०) के साथ पहले मारपीट की और गुस्से में आकर उसके ऊपर घासलेट डाल आग के हवाले कर दिया।
गीताबाई आग में झुलसते ही जोर से चिल्लाई तो पास में ही रहने वाली आरोपित की दो बहने दौड़ी और आग पर काबू पाया गया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आधा किमी पैदल चलकर मिर्जापुर से उदयनगर थाने तक पहुंची। महिला की जली हुई हालत देखकर पुलिस स्टाफ भी घबरा गया था, क्योंकि उसका चेहरा झुलसने के साथ ही हाथ भी झुलसे हुए थे। महिला के तत्काल बयान लेकर, उसे मेडिकल के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद इंदौर रैफर कर दिया। घायल महिला के साथ एक पुलिसकर्मी को भी १०८ एंबुलेंस के साथ इंदौर भेजा गया है।
४०-४५ फीसदी जली महिला
महिला का उदयनगर के स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे ४०-४५ फीसदी तक जलना बताया है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल इंदौर रैफर कर दिया गया है। महिला के हाथ, पैर, सीना व मुंह झुलस गया है। पुलिस ने पति के खिलाफ धारा 307 में मामला दर्ज कर पति रमेश को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है गीताबाई के तीन बेटे और एक बेटी है। आरोपी पति रमेश मजदूरी करता है।

Home / Dewas / मायके जाने की बात पर पति ने किया पत्नी का ये हश्र

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो