scriptऊंटवाल बोले–राजानी ने रुकवाया ओवरब्रिज का काम तो राजानी ने कहा-ऊंटवाल का दिमाग खराब हो गया है…. | over brij dewas | Patrika News
देवास

ऊंटवाल बोले–राजानी ने रुकवाया ओवरब्रिज का काम तो राजानी ने कहा-ऊंटवाल का दिमाग खराब हो गया है….

–ओवरब्रिज के काम बंद होने को लेकर आगर विधायक ऊंटवाल ने मीडिया से कहा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पर लगाए आरोप–शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- अपनी नाकामी छिपाने के लिए मेरे नाम का उपयोग कर रहे ऊंटवाल..वे सिर्फ विधायक हैं..ऐसे कई विधायक घूम रहे हैं

देवासMar 18, 2019 / 11:24 am

हुसैन अली

dewas

dewas

देवास. लोकसभा चुनाव आते ही राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होने लगी है। देवास-शाजापुर सांसद रहे आगर विधायक मनोहर ऊंटवाल ने रविवार को ऐसा ही एक बयान दिया और खुद फंस गए। मीडिया से हुई चर्चा में ऊंटवाल ने कहा कि मेंढकी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवर ब्रिज का काम शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने वरिष्ठ कांग्रेस मंत्री के माध्यम से रूकवा दिया है। ऐसा अधिकारी कह रहे हैं। इस बयान पर अधिकारी से बात हुई तो कहा कि सांसदजी से किसी अधिकारी की बात ही नहीं हुई और काम रूका नहीं बल्कि चल रहा है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने आरोपों पर पलटवार कर कहा कि ऊंटवाल का दिमाग खराब हो गया है। अपनी नाकामी छिपाने के लिए मेरे नाम का सहारा ले रहे हैं।
गौरतलब है कि अप्रैल 2018 में मेंढकी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग (गेट नं. 30) पर ओवर ब्रिज का काम शुरू हुआ था। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। काम शुरू होने के बाद क्रॉसिंग के दोनों ओर पिलर खड़े किए गए। नगर निगम, रेलवे व बिजली कंपनी के कारण कुछ रूकावट आई। नगर निगम की पाइपलाइन शिफ्ट नहीं हो पाई और बिजली के खंभे और लाइन नहीं हटी जिस कारण काम बाधित हुआ। यह कहा गया कि पटरी के बीच का हिस्सा रेलवे के अधिकार क्षेत्र में है। इस मामले में बीते दिनों यह बात सामने आई कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने कांग्रेस सरकार बनने के बाद ब्रिज का काम रूकवा दिया है क्योंकि उनका घर वहां आ रहा है। तकनीकी समस्याओं के कारण काम बंद देख लोग भी यही समझने लगे और रविवार को आगर विधायक ऊंटवाल ने भी इस पर बयान दिया। हालांकि हकीकत कुछ और निकली और सेतु निगम के अधिकारियों ने कहा कि काम चल रहा है। तकनीकी अड़चनों के कारण गति धीमी हुई है।
रूका नहीं, तेज गति से चल रहा काम

इस मामले में लोनिवि के चीफ इंजीनियर अभिषेक उपाध्याय ने कहा कि ओवर ब्रिज का काम चल रहा है। पाइपलाइन शिफ्टिंग व बिजली के खंभे हटाने के चलते काम रूका हुआ था। अब लाइन शिफ्ट होने की जानकारी मिली है। सांसदजी की न मुझसे बात हुई न मेरे एसई से बात हुई न ही मेरे ईई से। माफी के साथ निवेदन करता हूं कि किसी विभागीय अधिकारी से बात ही नहीं हुई तो किसने जानकारी दी कि राजनीकि दबाव में काम रूका है। काम गति से चल रहा है। ठेकेदार भी फास्ट काम कर रहा है। तकनीकी समस्याएं यदि दूर हो गई और अनुकूलता रही तो अगस्त-सितंबर तक काम पूरा हो जाएगा। स्लेब्स डालने हैं। बहुत ज्यादा काम नहीं बचा है।
राजानी ने रुकवाया है काम

रविवार को आगर विधायक मनोहर ऊंटवाल देवास आए थे। यहां मीडिया से हुई चर्चा में ऊंटवाल ने कहा कि मुझे मेरी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बताया कि ओवर ब्रिज का काम बंद पड़ा है। मैंने अधिकारियों से पूछा तो पहले तो जानकारी नहीं दी और बाद में कहा कि राजनीतिक दबाव के कारण दिक्कत आ रही। जब पूछा कि राजनीतिक दबाव कैसा। जब पैसा मंजूर है। तीस करोड रुपए जेब में है तो क्या दिक्कत है। बाद में जानकारी लगी कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज राजानी ने अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ मंत्री का दबाव बनाकर काम रुकवाया है। यह निंदनीय है। मैं मप्र के सीएम से मांग करता हूं कि कब्रिज का काम शुरू करवाएं वरना लोकसभा चुनाव के बाद हम आंदोलन करेंगे। ये राजनीतिक छोटी मानसिकता का परिचय है। हमने बड़ा मन रखकर काम मंजूर करवाया। ओवर ब्रिज व अंडर ब्रिज स्वीकृत करवाया।
dewas
patrika IMAGE CREDIT: dewas
ऊंटवाल का दिमाग खराब है

ऊंटवाल के आरोपों पर पलटवार करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा कि ऊंटवाल का दिमाग खराब हो गया है। अपनी नाकामी को छिपाने के लिए मेरे नाम का सहारा ले रहे हैं। साढ़े चार साल में खुद तो कुछ कर नहीं पाए और भाग गए। दम हो तो सांसद का टिकट लेकर आएं। जनता सब बता देगी। ब्रिज की तीसरी भुजा मैंने स्वीकृत करवाई ताकि लोगों को परेशानी न आए। मैं क्या ***** हूं जो काम शुरू होने के बाद रूकवाउंगा। किस अधिकारी ने उनसे कहा नाम बताएं। और ऊंटवाल है ही कौन, आगर के विधायक हैं। मप्र में २३० विधायक हैं जो घूम रहे हैं। अपनी नाकामी छिपाने के लिए मेरे नाम का गलत उपयोग कर रहे हैं। ब्रिज का काम रूका नहीं बल्कि चल रहा है।
dewas
patrika IMAGE CREDIT: patrika

Home / Dewas / ऊंटवाल बोले–राजानी ने रुकवाया ओवरब्रिज का काम तो राजानी ने कहा-ऊंटवाल का दिमाग खराब हो गया है….

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो