scriptदेवास प्रशासन की सख्ती : अब लोगों को पेट्रोल पंपों पर दिखाना होगा वैक्सीन का सर्टिफिकेट, तभी मिलेगा ईंधन | Strictness of Dewas Administration | Patrika News
देवास

देवास प्रशासन की सख्ती : अब लोगों को पेट्रोल पंपों पर दिखाना होगा वैक्सीन का सर्टिफिकेट, तभी मिलेगा ईंधन

खाद्य विभाग के अमले ने तीन पंपों पर जाकर जांच की, कुछ लोगों को मौके पर लगाई गई वैक्सीन

देवासNov 25, 2021 / 05:44 pm

sachin trivedi

देवास प्रशासन की सख्ती : अब लोगों को पेट्रोल पंपों पर दिखाना होगा वैक्सीन का सर्टिफिकेट, तभी मिलेगा ईंधन

पेट्रोल पंप पर किया वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट चेक।

देवास। शत-प्रतिशत लोग वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाएं इसे लेकर प्रशासन हर स्तर पर प्रयास कर रहा है। बुधवार को कलेक्टर के निर्देश के बाद विभिन्न टीमों ने लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए प्रेरित किया। उधर खाद्य विभाग ने भी सभी पंप संचालकों को निर्देश दिए कि जो लोग वैक्सीन लगवाने का सर्टिफिकेट दिखाए उसे ही पेट्रोल दिया जाए। दोपहर में खाद्य, परिवहन व महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ नगर निगम के अमले ने शहर के तीन पंपों पर जाकर पंप संचालकों को निर्देश दिए।
साथ ही मौके पर पेट्रोल-डीजल लेने आए लोगों के वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट चेक किए गए। इसके बाद ही लोगों को ईंधन दिया गया। सिविल लाइंस चौराहा के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर जब अमला पहुंचा तो एक-दो लोग वैक्सीन सर्टिफिकेट दिखाने से आनाकानी करते हुए मौके से रवाना हो गए। टीम में जिला आपूर्ति अधिकारी शालू वर्मा, परिवहन अधिकारी जया वसावा, महिला एवं बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी रेलम बघेल आदि शामिल थे।
शहर के वार्डों में भी चला अभियान
उधर वैक्सीनेशन महा अभियान तहत वार्डों में भी वैक्सीनेशन किया गया। वार्ड क्रमांक 23 के कालानी बाग, हटेसिंह गोयल कॉलोनी, लक्ष्मण नगर, गायत्री विहार आदि जगहों पर विधायक गायत्री राजे पवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल एवं पूर्व पार्षद पूर्णिमा खंडेलवाल के निर्देशन में डोर टू डोर वैक्सीनेशन का महाअभियान चलाया गया। इस दौरान वैक्सीनेशन टीम सहित आलोक साहू, देवेंद्र नवगोत्री व अन्य भाजपा प्रतिनिधि उपस्थित थे। त्रिशक्ति महिला संगठन सेवा समिति सम्यक विहार द्वारा अध्यक्ष मोनिका शर्मा के नेतृत्व में घर-घर जाकर वैक्सीन से वंचित रहे नागरिकों को वेक्सीन लगाने के लिए जागरूक किया गया। लोगों को सेंटर पर ले जाकर वैक्सीन लगवाई।
मौके पर लगवाई वैक्सीन
उधर टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग का अमला भी था। पंप पर आने वाले ग्राहकों में जिन्होंने वैक्सीन का पहला व दूसरा डोज नहीं लिया था उनको मौके पर ही वैक्सीन लगाइ। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कलेक्टर के निर्देश पर आज पंपों पर जांच की है। सभी पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं कि सर्टिफिकेट देखने के बाद ही ईंधन दिया जाए। जिन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई है उन्हें लगवाने के लिए प्रेरित करें।
ऑटो को रोकता परिवहन विभाग का अमला।
ऑटो वालों व रिक्शा पर भी हुई कार्रवाई
उधर सिविल लाइंस चौराहा के समीप स्थित पंप के सामने जिला परिवहन अधिकारी वसावा के नेतृत्व में ऑटो रिक्शा पर कार्रवाई हुई। अमले ने यहां ऑटो चालकों के वैक्सीन सर्टिफिकेट के साथ-साथ वाहन के दस्तावेज भी चेक किए। कार्रवाई के दौरान एक ऑटो चालक के पास वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट तो मिला लेकिन उसके पास वाहन के कागजात नहीं थे। इस दौरान वाहन चालक ने बहस करते हुए कहा कि उसके कागज बैंक में है। वह कागज नहीं ला सकता, चाहे तो ऑटो रख लो।इस पर ऑटो जब्त कर लिया गया। जिला परिवहन अधिकारी वसावा ने बताया विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई कर १० ऑटो जब्त किए गए हैं। करीब १५ हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।

Home / Dewas / देवास प्रशासन की सख्ती : अब लोगों को पेट्रोल पंपों पर दिखाना होगा वैक्सीन का सर्टिफिकेट, तभी मिलेगा ईंधन

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो