पुलिस के अनुसार यह घटना पिछले पांच दिसंबर की है। भिलाई खुर्सीपार निवासी हिमेश्वरी बाई (32) के पिता का पिछले दिनों निधन हो गया। उनका नहावन कार्यक्रम पांच दिसंबर को चारामा में रखा गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हिमेश्वरी बाई अपने पति के साथ आई थी। कार्यक्रम निबटाकर जब वह वापस अपने घर लौट रही थी, तभी चारामा से थोड़ा आगे निकलने के बाद उसे याद आया कि कुछ सामान घर में भूल आई है। फिर क्या था, उसने पति से वापस चारामा चलने के लिए कहा। चालक जैसे ही वाहन को रिवर्स किया, उसका दरवाजा अचानक खुल गया। पलक झपकते ही हिमेश्वरी बाई गाड़ी से गिर गई।
इस घटना में उसके हाथ, पैर सहित शरीर के अन्य अंगों में काफी चोटे आई। उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद भी जब उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो जिला अस्पताल लाया गया। डाक्टरों के अथक प्रयास के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने मर्ग कायम कर अपनी जांच शुरू कर दी है। उधर इस घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर छा गई।