scriptपोड़ैयाहाट विधायक जिम्मेवारी निभाने में असफल रहे-मुख्यमंत्री | jharkhand cm jan chaupal in godda district | Patrika News
धनबाद

पोड़ैयाहाट विधायक जिम्मेवारी निभाने में असफल रहे-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री जन चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे…

धनबादDec 22, 2018 / 06:36 pm

Prateek

cm

cm

(गोड्डा,धनबाद): मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पोड़ैयाहाट के विधायक ने अपने चार साल के कार्यकाल में क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास के मुद्दे को सदन में नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि पोड़ैयाहाट विधायक ने जनता और राज्य को गुमराह करने का काम किया, परंतु सदन में क्षेत्र की बुनियादी समस्या, सड़क, बिजली व पानी से संबंधित मुद्दों को नहीं उठाया। मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को गोड्डा जिले के पोड़यौहाट विधानसभा क्षेत्र के पुनसिया गांव में जन चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पोड़ैयाहाट विधायक ने क्षेत्र की जनता के प्रति जिम्मेवारी नहीं निभाई, जनता के प्रति जो प्रतिबद्धता होनी चाहिए थी, वह कहीं नजर नहीं आई, जनता के प्रति समर्पण भावना का निर्वाह नहीं किया, वहीं क्षेत्र के सांसद ने जोर-शोर से संसद में यहां के मुद्दे को उठाया और महगामा तथा गोड्डा के विधायक ने जिले की समस्याओं को लेकर जोर-शोर से उठाने का काम किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 25 लाख गरीब परिवारों को एलपीजी गैस कनेक्शन और चूल्हा उपलब्ध करा दिया गया है, उन्होंने समीक्षा बैठक की और आगामी 25 अप्रैल तक 25 लाख अन्य परिवारों को निःशुल्क गैस चूल्हा और सरेंडर उपलब्ध करा देने का लक्ष्य रखा है। अभी केंद्र सरकार द्वारा फिर से उज्ज्वला योजना के दूसरे चरण की शुरुआत की गयी है,इसका फायदा भी मिलेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को हर वर्ष खरीफ फसल के लिए 5000 रुपये प्रति एकड़ राशि दी जायेगी। जिनकी जमीन एक एकड़ से कम है उन्हें भी न्यूनतम 5000 रूपये राशि प्रतिवर्ष दी जायेगी। यह राशि उन्हें सीधे चेक के माध्यम से दी जायेगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से राज्य के 22.76 लाख लघु एवं सीमांत किसान लाभांवित होंगे। इसके लिए आगामी वित्तीय वर्ष में 2250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण को लेकर भी राज्य सरकार की ओर से विशेष पहल की गई है।


जनचौपाल कार्यक्रम में सांसद निशिकांत दूबे, विधायक अशोक भगत और अमित मंडल के अलावा बड़ी संख्या में महिलाओं और आमजन उपस्थित थे। इस अवसर पर महिलाओं ने दोनों हाथ उठाकर मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना 2019-20 के बजट में जरूर लाएं।

Home / Dhanbad / पोड़ैयाहाट विधायक जिम्मेवारी निभाने में असफल रहे-मुख्यमंत्री

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो