आधा किलो मीटर लंबी रैली में महिलाएं एवं बच्चे भी हुए शामिल
डिंडोरी•Jan 20, 2020 / 04:54 pm•
Rajkumar yadav
People take to the streets in support of CAA, rally organized
डिंडोरी. नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में नगर में विशाल पदयात्रा निकाली गई। डिंडोरी नागरिक परिषद के संयोजन में निकली इस पदयात्रा में जिले के संत और 2 दर्जन से अधिक सामाजिक संगठन भी सम्मिलित हुए। इस समर्थन रैली में हजारों की संख्या में युवाओं, महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया। यात्रा के आगे चल रहे वाहन से देशभक्ति के गीत गाये जा रहे थे लोगों के हाथों में तख्तियां एवं तिरंगे थे। जिन पर सीएए के समर्थन में नारे लिखे गए थे जिसे लोग दोहरा रहे थे। समर्थन रैली पदयात्रा के रूप मे कॉलेज तिराहा से प्रारंभ होकर सुबखार, अम्बेडकर चौक, अवंति बाई चौराहा भारत माता चौक से होते हुए नगर के मुख्यमार्ग से होते हुए कंपनी चौक पहुंची। इस यात्रा में जिले के सभी वर्गों का भरपूर सहयोग मिला। लोगों का कहना था कि सारा देश सीएए के समर्थन में है केवल चंद लोग ही भ्रम फैलाने में लगे हुए हैं। इस कानून से भारत के किसी नागरिक की नागरिकता पर आंच आने वाली नहीं है। अधिवक्ता गण एवं दिव्यांग स्त्री पुरूष भी पद यात्रा में सम्मिलित हुए। कंपनी चौक पुरानी डिंडोरी में सामूहिक राष्ट्र गान के साथ पदयात्रा का समापन हुआ।