प्रदेश भाजपा ने समूचे प्रदेश में मामले को लेकर एक साथ धरना प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसी के तहत जिला भाजपा द्वारा हिन्दी भवन के सामने धरना प्रदर्शन किया गया। एक दिन पहले इसकी सूचना जारी करते हुए जिला अध्यक्ष ऊषा टावरी और किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष रत्नेश चंद्राकर ने सांसद सरोज पांडेय व सांसद विजय बघेल दोनों के धरना प्रदर्शन में शामिल होने की जानकारी दी थी।
दोनों नेताओं के एक मंच पर धरना प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा था, लेकिन सांसद विजय बघेल जहां धरना प्रदर्शन में पहुंचे ही नहीं, वहीं सांसद सरोज पांडेय अंतिम समय में धरना प्रदर्शन के लिए पहुंची और उनके संबोधन के साथ धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया। सांसद सरोज ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिनके बूते सत्ता में आई उन्हीं पर बरसा रही लाठिया।
सांसद सरोज पांडेय ने केशकाल में किसानों पर लाठीचार्ज पर प्रदेश की भूपेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के आशीर्वाद से कांग्रेस सत्ता में आई, उन्हीं किसानों पर बर्बर लाठीचार्ज करवा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे। किसानों से न्यूनतम 25 सौ रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, 2 वर्ष का बकाया भुगतान, किसानों की पूरी तरह से कर्जमाफी और मुफ्त बिजली सहित कई वादे किए गए। सत्ता हासिल करने के बाद कांग्रेस सरकार वादे से मुकर गई।
इन्होंने भी किया धरना प्रदर्शन को संबोधित
धरना प्रदर्शन को जिला भाजपा अध्यक्ष उषा टावरी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रत्नेश चंद्राकर, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, जिला महामंत्री डोमार सिंह वर्मा, शिव चंद्राकर, पूर्व मंत्री जागेश्वर साहू, लखन साहू, नटवर ताम्रकार ,विनायक ताम्रकार, पुरुषोत्तम तिवारी ,जय सिंह राजपूत, प्रशांत अग्रवाल ने भी संबोधित किया। संचालन जिला मंत्री संतोष सोनी ने किया।