scriptसंविधान बचाने के लिए भाजपा का सफाया ज़रूरी, संविधान बचाओ रैली में बोले अखिलेश यादव | BJP needs to be wiped out to save the constitution sain Akhilesh Yadav | Patrika News
चुनाव

संविधान बचाने के लिए भाजपा का सफाया ज़रूरी, संविधान बचाओ रैली में बोले अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि बाबा साहेब डॉ भीम राव अम्बेडकर ने ऐसा संविधान बनाया है जो हम सबको बराबरी का हक और सम्मान देता है। संविधान से सामाजिक न्याय मिलता है। हमारा संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। लेकिन आज संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

लखनऊNov 26, 2021 / 10:06 pm

Vivek Srivastava

akhilesh_yadav_1.jpg
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि बाबा साहेब डॉ भीम राव अम्बेडकर ने ऐसा संविधान बनाया है जो हम सबको बराबरी का हक और सम्मान देता है। संविधान से सामाजिक न्याय मिलता है। हमारा संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। लेकिन आज संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ हो रहा है। भाजपा सरकार लोगों से संविधान में दिये गये हक और सम्मान को छीन रही है। संविधान और कानून को कुचला जा रहा है।
अखिलेश यादव भारतीय संविधान दिवस एवं संविधान बचाओ विराट महा पंचायत के अवसर पर मान्यवर कांशीराम स्मृति उपवन लखनऊ में संविधान बचाओ रैली को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए 2022 में भाजपा का सफाया किया जाना चाहिए। जो कानून संसद से बनाये और खत्म किये जाते थे वे राष्ट्र के नाम एक संदेश से हो रहे हैं। एक बार राष्ट्र के नाम संदेश आया और भारत सरकार का दिया गया रुपया बंद हो गया। रुपया का पता ही नहीं चला कि कहां चला गया। एक बार और राष्ट्र के नाम संदेश आया तो तीन काले कृषि कानून वापस हो गये। जो कानून पार्लियामेंट से वापस होने थे वे टी.वी. पर एक संदेश से वापस हो गये। इसलिए मंच पर जो सभी लोग कह रहे हैं कि संविधान को खतरा है उसे समझिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो सरकार जनता को दुःख देती है। जनता समय आने पर उसका हिसाब-किताब करती है। भाजपा सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय और अत्याचार बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश की जनता इस बार भाजपा का दरवाजा बंद कर देगी। उन्होंने कहा कि जब किसान नहीं चाहते थे तब यह सरकार काला कानून क्यों लेकर आईं? किसानों को सर्दी, गर्मी, बरसात झेलना पड़ा। उन्हें रोकने के लिए कीले लगा दी गई। किसानों ने कुर्बानी दी। आंदोलन में 600 से ज्यादा किसान शहीद हो गये। तब जाकर काले कृषि कानून वापस हुए। किसानों के अपमान की जिम्मेदार भाजपा सरकार है। लखीमपुर खीरी में गृह राज्यमंत्री के बेटे ने किसानों को गाड़ी से कुचल कर हत्या कर दी। सिर्फ किसानों को ही नहीं कुचला देश के संविधान और कानून को कुचल दिया गया।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी सरकार आने पर हम शहीद किसान परिवारों की 25-25 लाख रूपये से मदद करेंगे। इसी तरह उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव में भाजपा ने संविधान को कुचलते हुए जो जीते थे उन्हें हरा दिया। लोकतंत्र का चीरहरण हुआ। माताएं और बहनों के कपड़े तक छीन लिये गये। नौजवानों पर लाठियां बरसाई गई।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार सब कुछ बेच रही है। बीजेपी के लोगों को जो दिखाई देगा सब बिक जायेगा। एयरपोर्ट बेच दिया। हवाई जहाज बेच दिया। ये आपके पैसे से बनाये गये एयरपोर्ट भी बेच देंगे। समाजवादी सरकार आने पर किसानों को सम्मान दिया जायेगा। नौजवानों को रोजगार दिया जाएगा।

Home / Elections / संविधान बचाने के लिए भाजपा का सफाया ज़रूरी, संविधान बचाओ रैली में बोले अखिलेश यादव

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो