scriptUP Assembly Elections 2022 : यूपी में 350+ का लक्ष्य पाने के लिए 6 चुनावी यात्राएं निकालेगी भाजपा, कार्ययोजना की बैठक में बनी रणनीति | BJP will take out 6 election trips to achieve the target of 350 in UP | Patrika News
चुनाव

UP Assembly Elections 2022 : यूपी में 350+ का लक्ष्य पाने के लिए 6 चुनावी यात्राएं निकालेगी भाजपा, कार्ययोजना की बैठक में बनी रणनीति

UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में साल 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले नवंबर 2016 में भाजपा ने चार परिवर्तन यात्राएं निकालकर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की थी। उस समय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य की अगुवाई में झांसी से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत हुई और इसके अलावा सहारनपुर, सोनभद्र और बलिया से भी परिवर्तन यात्राएं निकलीं गई थी।

लखनऊNov 30, 2021 / 04:38 pm

Amit Tiwari

bjp_office.jpg
लखनऊ. UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में अगले साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को और अधिक तेज करते हुए 6 चुनावी यात्राएं निकालने का फैसला लिया है। भाजपा इन यात्राओं के जरिए प्रदेश की जनता को केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां बताएगी। भाजपा द्वारा यात्राएं निकालने का फैसला पार्टी मुख्यालय में यूपी बीजेपी प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान की उपस्थिति में मंगलवार को हुई बैठक में लिया गया। इस बैठक में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। भाजपा का 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपना पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए यूपी में 350 सीटें पाने का लक्ष्य है।
जनता तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं सभी सियासी दल
यूपी में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा के चुनाव को लेकर भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा सहित अन्य सियासी दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। सभी पार्टियों के नेता और पदाधिकारी अपने-अपने दल की बात जनता तक पहुंचाने में लगे हुए हैं। इसके साथ ही यूपी फतह करने के लिए नई-नई रणनीति भी बना रहे हैं।
यात्राओं के जरिए केंद्र-राज्य सरकार की उपलब्धियां बताएगी भाजपा
सभी सियासी दलों की तैयारियों के बीच यूपी की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राज्य की जनता के बीच जाने के लिए छह यात्रा निकालने का फैसला किया है। इन यात्राओं को निकालने का फैसला यूपी बीजेपी मुख्यालय में हुई कार्ययोजना बैठक में लिया गया है। इन चुनावी यात्राओं के माध्यम से भाजपा के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता केंद्र और यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएंगे।
केंद्रीय मंत्री व यूपी प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान बैठक में रहे मौजूद

इस बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री और विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, कानून मंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ प्रमुख नेता शामिल हुए थे।
यूपी में बीजेपी फिर सरकार बनाएगी- स्वतंत्र देव सिंह

बैठक समाप्त होने के के बाद यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेशभर में छह यात्राएं लेकर यूपी की जनता के बीच जाएगी। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर और जनता के आशीर्वाद से भाजपा 300 प्‍लस सीटों के साथ एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है।
2016 में भी भाजपा ने निकाली थी 4 चुनावी यात्राएं

बता दें कि साल 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले नवंबर 2016 में भाजपा ने चार परिवर्तन यात्राएं निकालकर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की थी। उस वक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य की अगुवाई में झांसी से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत हुई और इसके अलावा सहारनपुर, सोनभद्र और बलिया से भी परिवर्तन यात्राएं निकलीं गई थी। जिनमें भाजपा ने तत्कालीन समाजवादी पार्टी की सरकार के खिलाफ भयमुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त उत्तर प्रदेश का नारा देकर परिवर्तन का आगाज किया था।

Home / Elections / UP Assembly Elections 2022 : यूपी में 350+ का लक्ष्य पाने के लिए 6 चुनावी यात्राएं निकालेगी भाजपा, कार्ययोजना की बैठक में बनी रणनीति

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो