59 में से 36 सीटों पर आलू किसान करेंगे फैसला फर्रुखाबाद, कन्नौज, मैनपुरी और कानपुर के बिल्हौर से लेकर फिरोजाबाद तक खेतों में आलू के ढेर लगे हैं। आलू बेल्ट के इस पूरे इलाके में सड़क किनारे आलू के खेत दिखते हैं। शीतगृहों के सामने आलू लदे ट्रैक्टर खड़े हैं। खेतों में आलू की बोरियां लद रही हैं। वोट पाने की प्रत्याशा में नेताजी आलू की बोरियां लदवा रहे हैं। समूचे आलू बेल्ट के किसानों गुस्सा सातवें आसमान पर है। अकेले फर्रूखाबाद में 11 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा आलू पैदा होती है। किसानों का कहना है चुनावों में वादे होते हैं। लेकिन, आलू की खपत बढ़ाने के लिए उद्योग नहीं लग सके। नेता हर चुनाव में चिप्स, अल्कोहल फैक्टरी और आलू पाउडर बनाने की बात कहते हैं। अंतत: हर साल औने-पौने दामों में आलू बेचने की मजबूरी होती है।
यह भी पढ़ें
हिजाब के पीछे अब खुला दिमाग रखती हैं मुस्लिम महिलाएं,इन मुददों पर कर रही मतदान
यूपी देश का सबसे बड़ा आलू उत्पादक यूपी देश का सबसे बड़ा आलू उत्पादक राज्य है। यहां 6.1 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आलू बोया जाता है। हर साल करीब 147.77 लाख मीट्रिक टन आलू उत्पादन होता है। कम से कम 40 लाख आबादी इस खेती से जुड़ी है। लेकिन, साल दर साल आढ़ती के सहारे ही आलू बेचेने का दर्द हर किसान के चेहरे पर पढ़ा जा सकता है। ‘मैनपुरी तंबाकू’ का बिजनेस बचाना बड़ी चुनौती मैनपुरी जिलों के खेतों में तंबाकू की फसल लहलहा रही है। लेकिन किसान परेशान हैं। इन्हें खरीददार नहीं मिल रहा। फेमस ‘मैनपुरी तंबाकू’ बेचने वालों का बिजनेस मरणासन्न अवस्था में है। यहां की करहल सीट से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। देशभर की निगाहें यहां टिकी हैं। लेकिन, देश-दुनिया में मशहूर मैनपुरी की तंबाकू की महक और तंबाकू विक्रेताओं के तीखे सवालों से नेताओं के माथे पर पसीने चुहचुहा रहा है। मैनपुरी तंबाकू पर कई देशों ने प्रतिबंध लगा दिया गया है। तंबाकू का कच्चा माल महंगा हो गया है। फेमस कपूरी तंबाकू महीन कटी हुई सुपारी, पिसी हुई लोंग, पिसी हुई इलायची, केवड़ा और चंदन के पाउडर से तैयार होती है। इन पर भारी जीएसटी लगती है। इससे कारोबारी परेशान हैं। यहां की किसी भी गली में चले जाइए, तंबाकू की तीक्ष्ण गमक से नथुने भर जाते हैं। किसानों के साथ ही विक्रेताओं की चिंता यही है कि उनकी समस्यायों पर कोई बात नहीं कर रहा है।
यह भी पढ़ें