चुनाव

UP Assembly Elections 2022 : टिकट कटा तो बदली निष्ठा, कोई खोल रहा अपने नेता की पोल तो कोई दे रहा मरने की धमकी

UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सियासी दलों का चुनाव प्रचार अपने सबाब पर है। इसके साथ ही प्रत्याशियों के नामों के एलान भी किये जा रहे हैं। लेकिन टिकटों का एलान होने के बाद कहीं खुशी तो कहीं गम भी देखने को मिल रहा है। सभी सियासी दलों के पास कई ऐसे चेहरें हैं, जिनमें टिकट न मिलने का दर्द साफतौर पर देखा जा सकता है।

लखनऊJan 22, 2022 / 02:47 pm

Amit Tiwari

,,

UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। इस बीच राजनीतिक दलों ने कई प्रत्याशियों के टिकट काट दिए हैं। नेताओं में इसकी टीस साफ देखी जा रही है। टिकट कटने से कोई दहाड़े मारकर रो रहा है, तो कोई मरने की धमकी दे रहा। कोई थाने में फफक कर रोते हुए धोखाधड़ी की तहरीर दे रहा है। तो कोई अपने नेताओं की पोल खोल रहे हैं। सियासी दल भले ही अलग-अलग हैं, लेकिन जिनके टिकट कटे हैं उनके दुख-दर्द लगभग एक हैं। टिकट न मिलने के कारण नेताजी पल भर में अपनी निष्ठा बदलने में भी नहीं चूक रहे हैं। समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस समेत अन्य सियासी दलों में यह प्रवृत्ति देखने को मिल रही है।
फफक कर रोए बसपा नेता अरशद राणा

बसपा नेता अरशद राणा चरथावल से बसपा के विधानसभा सीट प्रभारी थे। लेकिन इन्हें टिकट नहीं मिला। अरशद राणा का हाल ही कोतवाल के सामने रोने का वीडियो वायरल हुआ। थाने में तहरीर देते हुए अरशद राणा ने आरोप लगाया कि बसपा के बड़े नेताओं ने चरथावल विधानसभा सीट से टिकट दिलाने के लिए उनसे 67 लाख रुपये लिए, पर टिकट सलमान सईद को दे दिया। अरशद ने लखनऊ जाकर बसपा सुप्रीमो मायावती के आवास पर आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी थी।
सपा नेता ने की आत्मदाह की कोशिश

अलीगढ़ की छर्रा विधानसभा सीट से धनीपुर ब्लाक के पूर्व ब्लाक प्रमुख चौ. तेजवीर सिंह समाजवादी पार्टी का टिकट मांग रहे हैं। ठाकुर आदित्य जूनूनी पूर्व ब्लाक प्रमुख तेजवीर सिंह के समर्थक हैं और उन्हीं के लिए छर्रा विधानसभा क्षेत्र से एमएलए का टिकट मांग रहे हैं। जब उन्हें लगा कि उनके नेता की टिकट काट दी गई है तो उन्होंने लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर आत्मदाह करने की कोशिश की, इन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
खूब रोए भाजपा नेता सतीश शर्मा

मथुरा की मांठ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने टिकट नहीं दिया तो सतीश कुमार शर्मा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी पर धोखा देने और ईमानदार समर्पित कार्यकर्ता को महत्व नहीं देने का आरोप लगाया। सतीश कुमार शर्मा मीडिया से हुए बात करते हुए रो पड़े। उन्होंने कहा, भाजपा अब वही पार्टी नहीं रही। अब, यह अपनी विचारधारा का पालन नहीं करती है।
ये भी पढ़े: बसपा की दूसरी लिस्ट में 3 महिलाएं, 22 मुस्लिम चेहरें शामिल, देखिए पूरी लिस्ट

सरकारी नौकरी छोड़ी फिर भी नहीं मिला टिकट

सरकारी नौकरी छोड़ बुलंदशहर सदर सीट से कांग्रेस का टिकट मांग रही महिला प्रत्याशी गीता रानी शर्मा का दर्द मीडिया के सामने छलका। गीता ने अब निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है। गीता रानी शर्मा का कहना है कि मेरा परिवार 1990 से कांग्रेसी है और मैं पिछले काफी समय से चुनाव लडऩे की तैयारी कर रही थीं, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया। गीता रानी फफक-फफक कर खूब रोईं।
टिकट कटने से हतप्रभ हैं संगीता चौहान

नौगावां सादात विधायक व यूपी के पूर्व खेल मंत्री स्व. चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान का टिकट भाजपा ने काट दिया है। पति चेतन चौहान की विरासत संभाल रहीं संगीता चौहान पार्टी हाईकमान से वार्ता कर टिकट काटे जाने का कारण पता लगाने में जुटी हैं। वह हाईकमान के फैसले क्षुब्ध हैं। अब वह अपने एक साल के कार्यकाल में कराए विकास कार्यों की बुकलेट जारी कर क्षेत्र में वितरण कराने जा रही हैं।

Home / Elections / UP Assembly Elections 2022 : टिकट कटा तो बदली निष्ठा, कोई खोल रहा अपने नेता की पोल तो कोई दे रहा मरने की धमकी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.