आल्ट बालाजी की वेब सिरीज अपहरण का प्रसारण आगामी 14 दिसंबर से ऐप पर किया जाएगा। पत्रिका कार्यालय पहुंचे अपहरण के स्टार कास्ट ने इससे जुड़े कई किस्से बताए। उन्होंने बताया कि अपहरण एक क्राइम थ्रिलर सिरीज है।
अरुणोदय सिंह जो उत्तराखंड पुलिस के एक वरिष्ठ इंस्पेक्टर की भूमिका में हैं, एक जवान लड़की के कहने पर उसका अपहरण करने को तैयार हो जाता है। कहानी की शुरुआत एक आसान प्लान से होती है, जिसमें अपहरण के बदले फिरौती की रकम वसूलकर मामला खत्म करना होता है।
लेकिन जब एक के बाद एक कई अनचाहे हादसे हो जाते हैं और झूठ पर झूठ बोलने पड़ते हैं, तब रुद्र को पता चलता है कि वो अब एक खतरनाक साजिश का हिस्सा बन चुका है। क्या वो अपने मन से किए गए इस अपराध से बचत पाएगा या फिर झूठ-फरेब और साजिश का शिकार बन जाएगा, को अपहरण में बड़े ही दिलचस्प और सस्पेंस ढंग से दिखाया गया है।
इस सिरीज का ट्रेलर भी काफी धांसू नजर आता है और इसमें लव-सेक्स-धोखा जैसे कई मसाले मिक्स हैं। वेब सिरीज के लेखक और सिरीज में भूमिका निभाने वाले वरुण बडोला ने बताया कि यह सिरीज 10 पार्ट में है। इसका प्रसारण केवल आल्ट बालाजी ऐप पर ही किया जाएगा।
वेब सिरीज और फिल्म की शूटिंग के क्या अंतर होता है, के सवाल पर माही गिल ने कहा कि उन्हें इसमें कोई अंतर नहीं नजर आता है। दोनों में ही कैमरा, लोकेशन और शूटिंग का तरीका एक जैसा होता है, बस अंतर केवल इन्हें दिखाने वाले चैनल में होता है।
जबकि इस सिरीज के मुख्य कलाकार अरुणोदय सिंह ने कहा कि वो इस बार पहले से बड़ा धमाका करेंगे। वहीं, निधि सिंह ने कहा कि यह सिरीज लोगों को पसंद आएगी और इसमें उन्हें अलग मसाला मिलेगा।