scriptबुलावा देने जा रही लड़की से छेड़छाड़ के बाद संघर्ष में एक दर्जन लोग घायल, फायरिंग भी हुई | Clash between two groups after eve teasing | Patrika News
इटावा

बुलावा देने जा रही लड़की से छेड़छाड़ के बाद संघर्ष में एक दर्जन लोग घायल, फायरिंग भी हुई

– इटावा जिले के सहसो थाना क्षेत्र का मामला, 8 लोग गिरफ्तार – गांव में बुलावा देने जा रही थी किशोरी, गांव के ही युवक ने की छेड़छाड़

इटावाAug 11, 2019 / 03:30 pm

Hariom Dwivedi

 crime news

बुलावा देने जा रही लड़की से छेड़छाड़ के बाद संघर्ष में एक दर्जन लोग घायल, फायरिंग भी हुई

इटावा. सहसो थाना क्षेत्र के विंडवा गांव में किशोरी से छेड़छाड़ के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। ईट-पत्थर चले और हवाई फायरिंग भी हुई, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। मामले में पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब पांच बजे एक किशोरी बुलावा देने जा रही थी। गांव के रिंकू सिंह ने उसे रोका और छेड़छाड़ की। किशोरी ने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ।
पुलिस के मुताबिक, जब पीड़ित पक्ष आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचा तो दबंगों ने ईंट-पत्थर मारना शुरू कर दिया। फिर दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले। रिंकू पक्ष से फायरिंग भी की गयी। घटना में दोनों पक्ष की महिलाओं सहित करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने घायलों को नजदीकी सामुदायकि स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में भर्ती कराया गया है। चकरनगर के पुलिस उपाधीक्षक एस एन वैभव पांडे ने बताया कि विवाद में ईंट-पत्थर चले और हवाई फायरिंग भी की गयी है। मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, अन्य के गिरफ्तारी के भी प्रयास जारी हैं।
इन्हें किया गिरफ्तार
सहसो थाना पुलिस ने प्रथम पक्ष से शिव सिंह (40) पुत्र छोटेलाल, प्रवीण व ऋषि पुत्रगण वीरेन्द्र सिंह, रामसखी (45) पत्नी वीरेन्द्र सिंह तथा दूसरे पक्ष से रिंकू (32) पुत्र सोनवीर, संजीव (45) व सुरेश (50) पुत्रगण विश्राम सिंह तथा संजीव की पत्नी को हिरासत में लिया। विवाद मामले में गंभीर रूप से घायल शिव सिंह ने बताया कि उन्हें गोली लगी है, लेकिन पुलिस ईंट से चोट लगना बता रहे हैं।

Home / Etawah / बुलावा देने जा रही लड़की से छेड़छाड़ के बाद संघर्ष में एक दर्जन लोग घायल, फायरिंग भी हुई

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो