इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इंस्पेक्टर सिविल लाइन संजय कुमार त्यागी और इटावा महोत्सव चौकी प्रभारी पर एक प्रार्थना पत्र के माध्यम से इस तरह का आरोप लगाया गया है कि उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष के बेटे और उसके साथी की बेवजह पिटाई करने के साथ साथ हिरासत मे रखा इसलिए शुरुआती जांच में दोनों का दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई अमल में लाई गई है।
रविवार की रात भाजपा जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे के पुत्र रिशव,लोकेश व भांजा आयुष परिवार के साथ नुमाइश देखने गए थे। नुमाइश में किसी ने परिवार के साथ अभद्रता कर दी। इसको लेकर दो पक्षों में विवाद व मारपीट हो गयी। मामले की जानकारी होने पर नुमाइश चौकी इंचार्ज विवेक दुबे ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आये। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की जानकारी सिविल लाइन पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संजय त्यागी ने भी दोनों पक्षों से पूछताछ की। भाजपा नेताओं के पुत्र ने जमकर हंगामा किया ओर घटना की जानकारी अपने पिता जिलाध्यक्ष शिव महेश दुबे व पदाधिकारियों को दी।