फैजाबाद. अपने विवादित बयानों के लिए चर्चित रामजन्म भूमि के न्यास समिति के सदस्य और पूर्व बीजेपी सांसद रामविलास वेदांती ने मंगलवार को एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उनके बयान से राजनीतिक गलियारे में सनसनी फैल गयी है। इस बार पूर्व सांसद वेदांती ने कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल और पी. चिदम्बरम पर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कांग्रेस के इन दोनों नेताओं पर सनसनी खेज आरोप लगाते हुए कहा है कि कपिल सिब्बल और पी. चिदम्बरम आंतकियों के हाथों बिके हुए हैं। वेदांती यही नहीं रुके उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि आंतकियों से पैसा लेकर कपिल सिब्बल और चिदम्बरम अयोध्या में राममंदिर का मसला उलझाये हुए हैं।
न्यायाधीशों पर लगाया संगीन आरोप
राम विलास वेदांती ने खुलासा करते हुए कहा है की आंतकियों से जज भी डरे हुए हैं। इसकी वजह से राममंदिर निर्माण को लेकर निर्णय नहीं हो पा रहा है। इसके साथ ही वेदांती ने जजों पर भी निशाना साधते हुए कहा है कि जजों ने अग्रेंजी जरूर पढ़ी है। लेकिन, उन्हें रामलला के बारे में नहीं पता है। वेदांती ने जजों को राम के इतिहास के बारे में अनभिज्ञ बताया है।
2018 में बनना शुरू हो जाएगा मंदिर वेदांती ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के जजों को रामलला की स्थिति स्पष्ट करना चाहिए। इसके साथ ही वेदांती का कहना है कि कोर्ट को यह मानना चाहिए कि जहां रामलला विराजमान हैं वहीं रामजन्म भूमि है। वहीं पूर्व सांसद रामविलास वेदांती ने उम्मीद जतायी है कि दिसम्बर 2018 में राज्यसभा में बहुमत मिलते ही राममंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। साथ ही वेदांती ने जोर देकर कहा है कि साल 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले राममंदिर का निर्माण हो जाएगा।