scriptहरियाणा: चुनाव समीति की बैठक में हुआ मंथन, गुर्जर, इंद्रजीत व कटारिया पर फिर से दांव खेलेगी भाजपा | Krishnpal Gurjar-Rao Inderjit-Ratanlal Kataria will be bjp candidates | Patrika News
फरीदाबाद

हरियाणा: चुनाव समीति की बैठक में हुआ मंथन, गुर्जर, इंद्रजीत व कटारिया पर फिर से दांव खेलेगी भाजपा

भाजपा प्रदेश की सात संसदीय सीटों पर नए चेहरों को उतारने की तैयारी…
 

फरीदाबादMar 18, 2019 / 06:41 pm

Prateek

bjp

bjp

(चंडीगढ़,फरीदाबाद): हरियाणा में आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी तीन मौजूदा सांसदों पर ही दांव खेलेगी जबकि अन्यों का टिकट कटना तय हो गया है। प्रदेश की सात लोकसभा सीटों पर भाजपा नए चेहरों को मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। अब हरियाणा की प्रांतीय चुनाव समिति की दोबारा 22 मार्च को बैठक होगी, जिसमें फाइनल चर्चा के बाद भाजपा के संसदीय बोर्ड को नामों का पैनल भेज दिया जाएगा।

 

बैठक में यह लोग रहे मौजूद

भाजपा लोकसभा चुनाव समिति की बैठक सोमवार को केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के आवास पर हुई। इसमें लोकसभा समिति संयोजक कलराज मिश्र, सहप्रभारी विश्वास सारंग, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत, कृष्णपाल गुर्जर, भाजपा राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, संदीप जोशी, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष निर्मला बैरागी ने भाग लिया।

 

प्रत्याशियों के नाम पर हुआ मंथन

बैठक में हरियाणा में लोकसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशियों पर मंथन किया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान हालातों में भाजपा केंद्रीय मंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर, गुरुग्राम के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत तथा अंबाला के सांसद रतनलाल कटारिया को दोबारा चुनाव मैदान में उतारने के लिए तैयार हो गई है। कुरूक्षेत्र व करनाल में पहले ही नए चेहरे उतारने की तैयारी हो चुकी है। सोनीपत व भिवानी से मौजूदा सांसदों के टिकट काटने की तैयारी लगभग हो चुकी है।


सूत्रों की मानें तो भाजपा सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक को कमजोर मानकर चल रही है जबकि धर्मवीर द्वारा कुछ समय पहले दिए गए पार्टी विरोधी बयान संगठन के प्रति कार्यप्रणाली ही उनकी टिकट कटने का मुख्य आधार बन रहा है। बताया जाता है कि भाजपा भिवानी लोकसभा सीट से प्रदेश के एक मंत्री को चुनाव मैदान में उतारने पर मंथन कर रही है लेकिन मंत्री ने अभी तक अपनी सहमति नहीं दी है। जबकि अन्य सीटों पर भी सत्ता व संगठन के लोगों को ही तरजीह दी जाएगी। बैठक में करनाल व सोनीपत लोकसभा सीटों पर सर्वाधिक चर्चा हुई है।


करनाल सीट से केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी जहां खुद चुनाव लडऩे की इच्छा जता रही हैं, वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत भाजपा का एक बड़ा खेमा अरूण जेटली को यहां से चुनाव लड़वाना चाहता है। बदले हुए हालातों में अरविंद शर्मा भी इस सीट से प्रबल दावेदार हैं। ऐसे में भाजपा के सामने करनाल व सोनीपत लोकसभा सीटों पर बड़ी चुनौती है। आज की बैठक में भिवानी से वर्तमान सांसद धर्मवीर के राजनीतिक विकल्प के बारे में भी बात हुई। बैठक में कई नेताओं द्वारा केंद्रीय मंत्री वी.के.सिंह को भिवानी से चुनाव मैदान में उतारने पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा पू्र्व सांसद सुधा यादव और पूर्व विधायक सोमवीर सांगवान, सोनीपत में केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह, मौजूदा सांसद रमेश कौशिक, सीएम के मीडिया सलाहकार एवं वरिष्ठ नेता राजीव जैन और कृष्णा गहलावत के नाम चर्चा में आए, जबिक रोहतक लोकसभा सीट पर पूर्व सांसद डा. अरविंद शर्मा, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और भाजपा नेता शमशेर सिंह खरखड़ा के नामों पर चर्चा की गई है।

 

सिरसा में पार्टी सुनीता दुग्गल को चुनाव लड़ाना चाहती है, जबकि गायक हंसराज हंस के नाम पर भी चर्चा की गई। हिसार में केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह, खुद बीरेंद्र सिंह, कैप्टन अभिमन्यु, अशोक गोयल और सोनाक्षी फौगाट के नामों पर चर्चा की गई। कुरुक्षेत्र में राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी, धूमन सिंह किरमिच, डा. पवन सैनी और हरपाल सिंह चीका के नामों पर चर्चा की गई।

 

आज की बैठक में सभी मौजूदा सांसदों के रिपोर्ट कार्ड पर चर्चा की गई है। पिछले चुनाव के दौरान जिन लोकसभा सीटों पर भाजपा हारी है, उनके बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई है। कुरूक्षेत्र व करनाल में नए चेहरों को उतारना तय हो चुका है। अन्य सीटों पर कई नामों पर मंथन किया गया है। इसके अलावा आज की बैठक में चुनाव के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई है।
अनिल जैन, भाजपा प्रभारी हरियाणा

Home / Faridabad / हरियाणा: चुनाव समीति की बैठक में हुआ मंथन, गुर्जर, इंद्रजीत व कटारिया पर फिर से दांव खेलेगी भाजपा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो