scriptबिहार से गुजरात जा रही डबल डेकर बस में आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर लगी आग, एक यात्री जिंदा जला, दो घायल | Agra Lucknow Expressway fire burnt bus passenger death | Patrika News
फिरोजाबाद

बिहार से गुजरात जा रही डबल डेकर बस में आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर लगी आग, एक यात्री जिंदा जला, दो घायल

हादसे के समय बस में सवार अधिकतर यात्री सो रहे थे। तभी बस डिवाइडर से टकराई और उसमें आग लग गई।

फिरोजाबादAug 16, 2020 / 09:01 am

arun rawat

fire bus

fire bus

फिरोजाबाद। रविवार सुबह उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों को लेकर बिहार से गुजरात जा रही डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराने के बाद आग का गोला बन गई। हादसे में एक यात्री जिंदा जल गया जबकि दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पुलिस और यूपीडा के पदाधिकारी राहत कार्य में जुटे रहे।
सुबह हुआ हादसा
हादसा रविवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। थाना नसीरपुर क्षेत्र में यात्रियों को लेकर गुजरात जा रही बस अचानक डिवाइडर से टकराने के बाद जल उठी। बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। जान बचाने के लिए यात्री बस से कूदकर भागने लगे। कुछ ही देर में पूरी बस जलकर खाक हो गई। एसपी ग्रामीण राजेश कुमार के मुताबिक बस में 72 यात्री सवार थे। चालक बस लेकर बिहार से गुजरात के लिए जा रहा था। बस में 10 लोग स्टाफ के थे। अचानक बस डिवाइडर से टकराई और तेज आवाज हुई। सो रहे यात्री जाग गए जबकि बैठे यात्री एक दूसरे के ऊपर गिर गए। बस के टकराते ही उसमें आग लग गई।
संभवत: झपकी आने पर हुआ हादसा
माना जा रहा है हादसा चालक को झपकी आने की वजह से हुआ है। आग से जान बचाने के लिए यात्री भागने लगे। गेट खोलकर कुछ लोग बाहर सुरक्षित निकल आए जबकि एक यात्री अंदर ही फंस गया उसकी जलकर मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस में सुरक्षित यात्रियों को दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना किया। मृतक को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। बिहार के राजेन्द्र ने बताया कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय अधिकतर बस में सवार सभी लोग सो रहे थे। अचानक आवाज हुई और बस में आग लग गई। आग की लपटें खिड़की तक आने के बाद सभी जान बचाकर भागे। यात्री मुकेश सिंह ने बताया कि उन्हें पता नहीं लगा कि आखिर क्या हुआ। चीख सुनी तो बस में से निकलकर भागे।

Home / Firozabad / बिहार से गुजरात जा रही डबल डेकर बस में आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर लगी आग, एक यात्री जिंदा जला, दो घायल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो