scriptOnceUponaTime: अहिरावण से राम और लक्ष्मण को बचाने वाले हनुमान मंदिर की अनोखी कहानी | OnceUponaTime Read story of 2300 year old Hanuman temple in Firozabad | Patrika News
फिरोजाबाद

OnceUponaTime: अहिरावण से राम और लक्ष्मण को बचाने वाले हनुमान मंदिर की अनोखी कहानी

— फिरोजाबाद में सबसे प्राचीन करीब 2300 वर्ष पुराना हनुमान मंदिर है, जिसकी प्रतिमा स्वत: ही खुदाई के दौरान निकली थीं।

फिरोजाबादJan 02, 2020 / 12:14 pm

arun rawat

Hanuman temple firozabad

Hanuman temple firozabad

फिरोजाबाद। हनुमान जन्मोत्सव पर हम आपको फिरोजाबाद के एक ऐसे मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके बारे में शायद अब तक आप अंजान हों। यहां दर्शन के लिए श्रद्धालु दूर दूर से आते हैं, लेकिन मंदिर के इतिहास के बारे में कम ही लोग जानते हैं। आइए जानते हैं मंदिर की रोचक बातें।
2000 सालों से ज्यादा पुराना है मंदिर
मंदिर के महंत जगजीवन राम मिश्र बताते हैं कि करीब 2300 साल पहले फिरोजाबाद शहर में मंदिर के स्थान पर एक खंडहर था। आबादी के नाम पर यहां वीरानी सड़कें दिखाई देती थीं। इस जगह पर साधु महात्माओं का डेरा था। पेड़ की छांव में यहां सैकड़ों साधु महात्मा तपस्या किया करते थे। महात्माओं ने तप करने के लिए यहां गुफा की खुदाई की थी। उसी दौरान जमीन से यह हनुमान जी की प्रतिमा निकली थी। उस दौरान महात्माओं ने इस मूर्ति को ऐसे ही यहां स्थापित कर दिया था। उस दौरान यह स्थान टीले के रूप में परिवर्तित था इसलिए कोई भी यहां आने से कतराता था।
कंधे पर बैठे हैं भगवान राम और लक्ष्मण
महंत बताते हैं कि हनुमान जी की प्रतिमा चलने की मुद्रा में है। प्रतिमा में उनकी एक आंख ही नजर आती है। उनके दोनों पैर एक दूसरे के विपरीत आकार में हैं। उनके कंधे पर भगवान राम और लक्ष्मण विराजमान हैं। उनके हाथ में चक्र और गदा भी है। इसको लेकर मान्यता है कि जब अहिरावण ने राम और लक्ष्मण को बंदी बना लिया था और वह उनकी बलि देने की तैयारी कर रहा था। तब हनुमान जी ने उन्हें अहिरावण का वध करके बचाया था। उस दौरान उन्होंने चक्र भी धारण किया था।
शिवाजी ने किया था गोरिल्ला युद्ध
महंत बताते हैं कि इस मंदिर में ग्वालियर के राजा सिंधिया भी यहां भगवान की शरण में आते थे। शिवाजी ने इसी मंदिर से लंबे समय तक गोरिल्ला युद्ध किया था। जंगलों में रहने के दौरान शिवाजी ने यहां हनुमान जी की शरण ली थी।
18-20 साल में छोड़ते हैं चोला
बताते हैं कि हनुमान जी की प्रतिमा चमत्कारी है। यह 18-20 साल बाद स्वतः ही अपने ऊपर लगे चोले को छोड़ देती है। उसके बाद भगवान के प्राकृतिक स्वरूप के दर्शन होते हैं। चोला छोड़ने के बाद उनके शरीर पर एक बूंद भी सिंदूर शेष नहीं रहता। अभी वर्ष 2002 में चोला छोड़ा था जिसका वजन करीब 40 किलो था। इस चोले को हरिद्वार गंगा में प्रवाहित कराया गया था।
संतों की बनी हैं समाधियां
मंदिर के आस-पास संतों की समाधियां हैं। महंत ने बताया कि बाबा प्रयागदास महाराज ने यहां जीवित समाधि ली थी। उनके अलावा मोहन गिरि, शैव गिरि, टीकमदास बाबा समेत अन्य महात्माओं की समाधि बनी हुई है। आज भी इस मंदिर पर काफी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए आते हैं।

Home / Firozabad / OnceUponaTime: अहिरावण से राम और लक्ष्मण को बचाने वाले हनुमान मंदिर की अनोखी कहानी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो