सिरसागंज के सूरजपुर पुल के पास नहर में एक बोरी जो बाहर से बंद थी। नहर में जाती हुई लोगों को नजर आई। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को बुलाकर बोरा खुलवाया तो अंदर देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। बोरी के अंदर युवक का शव था। जिसमें से दुर्गंध आ रही थी। नजारा देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरत में पड़ गए। पुलिस ने शव की पहचान कराने के काफी प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने आसपास गांव के लोगों को बुलाकर उसके बारे में जानकारी करने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया।
सीओ सिरसागंज संजय वर्मा ने बताया शव के हाथ पर भूरी सिंह लिखा हुआ है। उसके गले में स्वाफी बंधी हुई है। संभवतः उसकी गला घोंटकर हत्या की गई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल हर मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है कि आखिर मृतक कौन है और उसकी हत्या कैसे हुई है। शव की शिनाख्त के लिए अन्य जगहों पर भी जानकारी की जा रही है। संभवतः शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।