scriptलोकसभा चुनाव में इस सीट से लड़ेंगे शिवपाल सिंह यादव, सामने होगा परिवार का ये सदस्य, जानिए इस सीट की खासियत | Shivpal Singh Yadav Fight Election from Firozabad Lok Sabha Seat | Patrika News
फिरोजाबाद

लोकसभा चुनाव में इस सीट से लड़ेंगे शिवपाल सिंह यादव, सामने होगा परिवार का ये सदस्य, जानिए इस सीट की खासियत

अपने भतीजे अक्षय यादव के सामने होंगे चाचा शिवपाल, मोदी लहर में भाजपा नहीं जीत सकी थी ये सीट, अब निगाहें इस सीट पर

फिरोजाबादFeb 04, 2019 / 12:33 pm

अभिषेक सक्सेना

Shivpal Yadav

Shivpal Yadav

फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और शिवपाल सिंह के बीच का रोमांचक मुकाबला इस सीट पर देखने को मिलेगा। मोदी लहर में जिस सीट पर भाजपा कमल नहीं खिला सकी थी। उस सीट के लिए अब रस्साकशी का दौर भी शुरू हो गया है। शिवपाल यादव ने रविवार को फिरोजाबाद सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया, इसके बाद सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी अपनी रणनीति बनाने में जुट गई हैं।

शिवपाल ने किया ऐलान
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को चुनौती देने के लिए ऐलान किया कि वे फिरोजाबाद सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। यहां से वर्तमान में सपा सांसद अक्षय यादव हैं, जो उनके भतीजे हैं। रविवार को हुई रैली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवपाल ने कई बातें कहीं और वे भावुक भी हुए। जब उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए समर्थन मांगा तो जनता ने दोनों हाथ उठाकर उनका समर्थन किया। शिवपाल सिंह ने कहा कि यहां के नेता, कार्यकर्ता और जनता चाहती है कि मैं फिरोजाबाद से चुनाव लडू़ं। जिले की जनता को मैं निराश नहीं करूंगा और फिरोजाबाद से ही चुनाव लडू़ंगा। शिवपाल यादव ने सपा से अलग होकर नई पार्टी बनाने और सैफई परिवार में हुई टूट का दर्द खुले मंच से बयां किया। उन्होंने कहा कि वो नहीं चाहते थे पार्टी और परिवार में बिखराव हो। नेताजी से कह दिया था मुझे जीवन में कभी सीएम नहीं बनना है, विधायक भी नहीं बनना है। सिर्फ पार्टी के लिए ही काम करना है।

रामगोपाल पर भी साधा निशाना
रामगोपाल यादव पर निशाना साधते हुए शिवपाल ने कहा कि मैनपुरी और फिरोजाबाद में सपा की ही सरकार में जमीन पर कब्जा हो रहा था। ट्रकों से अवैध शराब का धंधा चल रहा था। इसका ही तो विरोध किया था। नेताजी को बताया तो सभी मेरे विरोधी हो गए।
ये रहा है पिछला चुनाव का इतिहास
2014 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के अक्षय यादव ने यहां से वर्तमान कैबिनेट मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल को हराया था। अक्षय यादव को 5,34,583 वोट मिले थे। जबकि प्रो.एसपी सिंह बघेल को 4,20,524 वोट मिले थे। वहीं बसपा तीसरे स्थान पर थी। यहां से ठाकुर विश्वदीप सिंह को 1,18,909 मत प्राप्त हुए थे।
2009 में हुआ था जोरदार मुकाबला
साल 2009 में इस सीट पर जोरदार मुकाबला देखने को मिला था। यहां से सपा घराने की बहू डिंपल यादव मैदान में थीं। लेकिन, कांग्रेस के राजबब्बर ने उन्हें हराया था। राजबब्बर को 3,12,728 वोट मिले थे जबकि डिंपल यादव को 2,27,385 मत प्राप्त हुए थे। वहीं बहुजन समाज पार्टी के प्रो.एसपी सिंह बघेल तीसरे स्थान पर थे। उन्हें 2,13,571 वोट मिले थे। भाजपा के बीपी सिंह चौहान को महजल 9,269 वोट प्राप्त हुए थे।
2009 में अखिलेश ने छोड़ी थी ये सीट
साल 2009 में सपा के अखिलेश यादव ने इस सीट से चुनाव लड़ा था। अखिलेश यादव ने यहां से जीत हासिल की थी। लेकिन, उन्होंने इस सीट को छोड़ दिया था। अखिलेश यादव ने प्रो.एसपी सिंह बघेल को हराया था। अखिलेश यादव को 2,87,011 वोट मिले जबकि प्रो.एसपी सिंह बघेल को 2,19,710 मत प्राप्त हुए थे। भाजपा के रघुवर दयाल वर्मा को 1,01,561 मत प्राप्त हुए थे।

Home / Firozabad / लोकसभा चुनाव में इस सीट से लड़ेंगे शिवपाल सिंह यादव, सामने होगा परिवार का ये सदस्य, जानिए इस सीट की खासियत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो