scriptआगरा-अलीगढ़ मंडल में पहली सपा जिलाध्यक्ष बनीं ये महिला | Suman Devi Savita becomes SP District President Firozabad | Patrika News
फिरोजाबाद

आगरा-अलीगढ़ मंडल में पहली सपा जिलाध्यक्ष बनीं ये महिला

सविता समाज की नेता होने के साथ सपा महिला प्रकोष्ठ की रह चुकी हैं जिलाध्यक्ष।

फिरोजाबादDec 15, 2017 / 01:43 pm

अमित शर्मा

Suman Devi Savita
फिरोजाबाद। निकाय चुनाव में करारी हार का सामना कर चुकी समाजवादी पार्टी ने अब संगठन में बदलाव करना शुरू कर दिया है। पूर्व जिलाध्यक्ष रामसवेक यादव ने हार के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद से ही जिलाध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। हार को देखते हुए सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने फिरोजाबाद में सविता समाज की महिला को जिलाध्यक्ष बनाया है। जिलाध्यक्ष का पद काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। जिले की कमान एक महिला के हाथ में देने के पीछे सपा की लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति का हिस्सा है।
 
वर्ष 2008-09 में रहीं महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष

शहर के कोटला रोड स्थित दखल निवासी सुमन देवी सविता काफी लंबे समय से पार्टी के अंदर जुड़ी हुई हैं। इनके पति रघुवीर सविता भी पूरी तरह पार्टी के प्रति समर्पित रहे हैं। वर्ष 2008-09 में सुमन सविता महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष के रूप में अपनी कार्यप्रणाली को दिखा चुकी हैं। उनके त्याग और समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें जिलाध्यक्ष पद की कमान सौंपी है। पार्टी में एक महिला को जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद पार्टी पदाधिकारी भी काफी उत्साहित हैं। ऐसा माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में सपा द्वारा सविता समाज के लोगों को एकजुट करने के साथ ही सुमन महिलाओं को भी सपा से जोड़ने में सफल रहेंगी।

संगठन में खेला राजनीति का दांव

समाजवादी पार्टी का नाम जुबान पर आते ही लोगों के दिलों में यादवों की पार्टी होने की इच्छा जाहिर होने लगती है लेकिन फिरोजाबाद जिले में इन चर्चाओं पर विराम लगाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा यादवों को संगठन से दूर किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम द्वारा सुमन देवी को जिलाध्यक्ष, लेबर काॅलोनी निवासी शमसाद अहमद उर्फ बाबा को महानगर अध्यक्ष बनाकर मुस्लिम समाज को जोड़ने का काम किया है। जिला महासचिव के पद पर सपा ने शिवप्रताप यादव को कमान सौंपी है। वहीं जिला पंचायत सदस्य तुरसनपाल सिंह को महानगर का महासचिव बनाया है।
 
आगरा-अलीगढ़ मंडल में पहली सपा जिलाध्यक्ष

सुमन सविता आगरा-अलीगढ़ मंडल में पहली बार सपा पार्टी की जिलाध्यक्ष बनी हैं। यह चर्चा हर पार्टी पदाधिकारी के अलावा शहरवासियों की जुबान पर है। एमएलसी डाॅ. दिलीप यादव का कहना है कि इस जिले में सपा ने पहली बार संगठन की कमान किसी महिला के हाथ में सौंपी है। आने वाले लोकसभा चुनावों में इसका परिणाम देखने को मिलेगा। सपा से बगावत कर बैठे पूर्व जिलाध्यक्ष अजीम भाई की जगह सपा ने शमसाद बाबा के रूप में मुस्लिम चेहरे को संगठन में जगह दी है।

Home / Firozabad / आगरा-अलीगढ़ मंडल में पहली सपा जिलाध्यक्ष बनीं ये महिला

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो