scriptगुमशुदा समझकर परिवारीजन जिसकी कर रहे थे तलाश, पांच दिन बाद उसके बारे में मिली ऐसी जानकारी कि मच गया कोहराम, देखें वीडियो | Yamuna nahane gaya kishor dooba | Patrika News
फिरोजाबाद

गुमशुदा समझकर परिवारीजन जिसकी कर रहे थे तलाश, पांच दिन बाद उसके बारे में मिली ऐसी जानकारी कि मच गया कोहराम, देखें वीडियो

– पुलिस ने यमुना किनारे से बरामद किए कपड़े और चप्पल, 22 मई को दोस्तों के साथ यमुना में नहाने गया था किशोर।

फिरोजाबादMay 27, 2019 / 03:39 pm

arun rawat

yamuna

yamuna

फिरोजाबाद। पांच दिन से परिवारीजन जिस किशोर की फोटो लेकर गांव-गांव घूम रहे थे। वह नहाने के दौरान यमुना में डूब गया था। इसका खुलासा किशोर के साथ गए दोस्तों ने सोमवार को किया। पुलिस ने गोताखोरों के माध्यम से शव की तलाश करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। दोस्तों ने डर के चलते किसी को नहीं बताया था। पुलिस ने यमुना किनारे से बच्चे के कपड़े और चप्पल बरामद कर ली हैं।
टूंडला थाना क्षेत्र का मामला
थाना क्षेत्र के गांव अनवारा निवासी सौदान सिंह का 13 वर्षीय पुत्र विजय कुमार उर्फ मोटा 22 मई की सुबह करीब दस बजे अपने तीन साथी अतुल पुत्र देवेन्द्र, मुन्नेश पुत्र राधेश्याम और योगेश पुत्र रूमाल सिंह के साथ यमुना घाट पर नहाने गया था। उसके बाद से ही उसका कोई सुराग नहीं लगा। दोपहर तक विजय के घर न आने पर परिजनों को चिंता हुई उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी उसकी जानकारी नहीं हो सकी। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पिता ने बेटे की जानकारी के लिए पर्चे भी चस्पा कराए।
गांव में बिठाई थी पंचायत
सोमवार को गांव में पंचायत बैठाई गई जिसमें सभी बच्चों को बुलाया गया। तब साथ गए बच्चों ने बताया कि वह नहाने के दौरान यमुना में डूब गया था। भय के चलते उन्होंने यह बात किसी को नहीं बताई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोर लगाकर शव की तलाश शुरू की लेकिन काफी देर खोजबीन के बाद भी शव नहीं मिला। पुलिस ने यमुना किनारे से बच्चे के कपड़े और चप्पल बरामद कर लिए हैं। इस मामले में इंस्पेक्टर ज्ञानेन्द्र कुमार का कहना है कि नहाने के दौरान विजय डूब गया था। साथ गए बच्चों ने भय के चलते यह बात नहीं बताई थी। शव की तलाश के लिए गोताखोर लगाए गए हैं लेकिन अभी तक जानकारी नहीं हो सकी है। यमुना किनारे से बच्चों की निशानदेही पर कपड़े और चप्पल बरामद हो गए हैं।

Home / Firozabad / गुमशुदा समझकर परिवारीजन जिसकी कर रहे थे तलाश, पांच दिन बाद उसके बारे में मिली ऐसी जानकारी कि मच गया कोहराम, देखें वीडियो

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो