
muslim girls
जिले के कस्बा मोदीनगर स्थित गिन्नी देवी मोदी गर्ल्स कॉलेज में सोमावार को छात्राओं में टैबलेट का वितरण किया गया। इस मौके पर कुछ छात्राओं ने कॉलेज के बाहर मेरठ-गाजियाबाद मार्ग पर जमकर हंगामा प्रदर्शन किया। छात्राओं का आरोप था कि उन्होंने हिजाब पहन रखे हैं, इसलिए उन्हें मंच पर बुलाकर टैबलेट नहीं दिए गए। उधर, हंगामा बढ़ता देख कॉलेज प्रशासन ने कहा कि छात्राओं को टैबलेट न देने के पीछे का कारण हिजाब नहीं था। प्रशासन का कहना है कि छात्राएं कॉलेज ड्रेस कोड का पालन नहीं कर रही थीं। इसलिए उन्हें टैबलेट देने से रोका गया है।
टैबलेट वितरण कार्यक्रम का था आयोजन
बता दें, कि प्रदेश सरकार की तरफ से छात्राओं को स्मार्टफोन और टैबलेट देने की घोषणा की गई थी। इसी कड़ी में सोमवार को गिन्नी देवी गर्ल्स पीजी कॉलेज में एक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बीए व एमए फाइनल ईयर 69 छात्राओं को टैबलेट देने का कार्यकम था। इस मौके पर कॉलेज प्रशासन की तरफ से सभी छात्राओं को पूर्ण ड्रेस कोड में आने के लिए कहा गया था। बताया जाता है कि यहां कुछ छात्राएं बिना यूनिफार्म के पहुंच गई। समारोह में 55 छात्राओं को टैबलेट दे दिए गए, बाकी को टैबलेट नहीं मिले। इस बात की नाराजगी लेकर छात्राएं प्राचार्य कार्यालय पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान छात्राओं ने छात्रवृति की मुद्दा भी उठाया।
छात्राओं ने कॉलेज प्रचार्या के खिलाफ की नारेबाजी
उधर, कॉलेज में मामले को बढ़ता देख छात्राओं व प्राचार्य के बीच बहस हो गई। इस बात से नाराज होकर छात्राओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। छात्राएं नारेबाजी करते हुए प्राचार्य के कार्यालय से बाहर आ गई और हंगामा करने लगी। जबकि कुछ छात्राएं हंगामा करती हुई कॉलेज के सामने ही दिल्ली मेरठ मार्ग पर सड़क पर आ गई। सड़क पर उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को शांत कराया। सभी छात्राएं हिजाब में थीं। उनका कहना था कि हिजाब की वजह से मंच पर नहीं बुलाया गया और टैबलेट नहीं दिए गए।
प्राचार्य बोलीं- यूनिफॉर्म पहनकर आने वालों को एंट्री नहीं
कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर वंदना शर्मा ने कहा कि जो छात्राएं यूनिफॉर्म में नहीं आई थीं, उनको टैबलेट नहीं दिया गया। इन छात्राओं को जब यूनिफॉर्म पहनने की हिदायत दी गई तो वे भड़क गईं। छात्राओं को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया है कि वे यूनिफॉर्म में ही आएं, वरना उन्हें कॉलेज में एंट्री नहीं मिलेगी।
Updated on:
3 May 2022, 10:12 AM IST
Published on:
3 May 2022, 10:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.