हादसे में घायल एक महिला को आरोन से एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल लाए तो वहां पर कोई वार्ड बॉय मौजूद नहीं था। इससे बारोद गांव निवासी महिला पिंकी बाई को पति ने गोद में उठाया और अस्पताल के अंदर डॉक्टर के पास ले जाने लगा। बाद में एक रिश्तेदार स्ट्रेचर लेकर आया और महिला को उस पर लिटाकर खुद ही धकेल कर अंदर ले गए।
महिला के पति गोलू ने बताया कि वह बाइक से अपनी ससुराल रातीखेड़ा से अपने घर जा रहे थे। तभी हादसा हो गया। पति पत्नी दोनों घायल हो गए। महिला को ज्यादा चोट आई थी इसलिए आरोन अस्पताल से उसे गुना रैफर किया गया था। पत्नी को दर्द हो रहा था लेकिन अस्पताल के अंदर ले जानेवाला यहां कोई नहीं मिला तो मैंने ही उसे गोद में उठाकर ले आया।
2 दिन पहले भी आ चुका है मामला
जिला अस्पताल में 2 दिन पहले एक बुजुर्ग महिला की सोनोग्राफी होनी थी। उसे पति अस्पताल लेकर पहुंचा था। महिला असहाय थी। इस वजह से उसका बुजुर्ग पति ही उसे स्ट्रेचर पर धकेल कर ले जा रहा था। यह मामला भी चर्चाओं में आया था। मामले में कलेक्टर ने सिविल सर्जन से भी जबाव-तलब किया था।