scriptदशहरा पर्व पर खरीदी के लिए सजे शोरूम और बाजार, जिले भर में जलेगा रावण | Showroom and market decorated for purchase on Dussehra festival, Ravan | Patrika News
गुना

दशहरा पर्व पर खरीदी के लिए सजे शोरूम और बाजार, जिले भर में जलेगा रावण

रावण के जलने के साथ गुना वासी अच्छाई के लिए और बुराई त्यागने के लिए लें दस-दस संकल्प

गुनाOct 15, 2021 / 12:38 pm

praveen mishra

दशहरा पर्व पर खरीदी के लिए सजे शोरूम और बाजार, जिले भर में जलेगा रावण

दशहरा पर्व पर खरीदी के लिए सजे शोरूम और बाजार, जिले भर में जलेगा रावण,दशहरा पर्व पर खरीदी के लिए सजे शोरूम और बाजार, जिले भर में जलेगा रावण,दशहरा पर्व पर खरीदी के लिए सजे शोरूम और बाजार, जिले भर में जलेगा रावण

गुना। असत्य पर सत्य की जीत का पर्व गुना में शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर जहां शुक्रवार को जुलूस भी निकलेगा और गुना शहर समेत पूरे जिले भर में रावण के पुतले का दहन होगा। इस बार कोरोना से सभी जगह रावण के पुतले की लंबाई कम हो गई है। दशहरा पर्व पर बिक्री के लिए गुना का बाजार भी सज गया है। वाहनों की खरीद के लिए शोरूम सज-धजकर तैयार हो गए हैं। त्यौहारों के साथ-साथ शादियों का सीजन भी देव उठनी एकादशी से शुरू हो जाएगा। कोरोना की वजह से बीते एक साल से बाजार काफी नीचे आया है और बिक्री कम होने से छोटे-मोटे व्यवसाय भी प्रभावित हुए हैं। इस बार त्यौहारी सीजन में बूम आने की व्यापारियों को अच्छी खासी उम्मीद है।
बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस दिन हर व्यक्ति अपने मन की बुराईयों को त्याग कर शहरी विकास को और आगे ले जा सकता है। पत्रिका ने विभिन्न विषयों के एक्सपर्ट से बातचीत कर जाने कि आज कौन-कौन सी समस्याएं अब भयावह रूप ले चुकी हैं। यदि सभी मिलकर इनके समाधान की कोशिश करें तो गुना शहर और जिले भर की सूरत अपने आप बदल सकती है। आओ शुक्रवार को हम रावण के पुतले के साथ शहर विकास, आपसी समन्वय आदि के लिए अच्छाई और बुराई त्यागने के लिए दस-दस संकल्प लें।

अच्छाई के लिए ये करें
सीविक सेंस
प्राकृतिक सुन्दरता में कोई कमी नहीं हैं, लेकिन सीविक सेंस नहीं होने के कारण ऐतिहासिक व पुरातत्व महत्व के स्थलों का संरक्षण नहीं हो रहा है। शहर में बिगड़ी यातायात व्यवस्था व गंदगी की राह में सीविक सेंस भी बड़ा रोड़ा है। जब चाहें जहां गाड़ी पार्क कर दी, फिर चाहे किसी को कोई परेशानी क्यों न हो। इस सोच को बदलना होगा।
बेटियों की शिक्षा
कन्या भ्रूण हत्या को रोककर हम बडी सहभागिता निभा सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति को भ्रूण हत्या की सूचना मिलती है तो तत्काल सूचना दें। इस तरह के घिनोने चेहरों को सामने लाकर दूसरे लोगों के लिए भी नजीर पेश कर सकते हैं। दहेज प्रथा को रोकनेे के लिए बेटियों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए संकल्प लेना होगा।
प्रतिदिन बचाएं पानी
गुना शहर और उसके आसपास पानी की कमी है। जिले के कई एरिया ब्लॉक डार्कजोन में आते जा रहे हैं। हर व्यक्ति यदि रोजाना पानी बचाने को आदत में शामिल करे तो कुछ राहत मिल सकती है। भूजल विभाग के अनुसार रोजाना प्रति व्यक्ति औसत 40 से 50 लीटर पानी बचा सकता है। लोगों को समान जलापूर्ति भी हो सकेगी।
अपनी माटी-अपना देश
हर व्यक्ति देश की अर्थ व्यवस्था को बढ़ाने में भागीदारी निभा सकता है। चीन के बाजार के कारण देश की अर्थ व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में हर व्यक्ति को अपनी माटी-अपना देश का संकल्प लेना होगा। इसी तरह पाश्चात्य संस्कृति के बजाय अपनी संस्कृति को जीवन की रूह में उतारना होगा।

संपूर्ण साक्षर
निरक्षरता के कलंक को धोने के लिए साक्षर लोगों को आगे आना होगा। जिला पूरी तरह साक्षर रहे इसके लिए एक मुहिम शुरू करनी होगी। हम अपने आसपास रहने वाले पांच-पांच निरक्षरों को पढ़ाएं तो जिला पूरी तरह संपूर्ण साक्षर बन सकता है।
मदद के लिए प्रयास
बदलते सामाजिक ताने-बाने के बीच हम मदद करना भी भूल गए हैं। कई बार घायल सड़क के बीच तड़पता रहता है लेकिन हम छोड़कर आ जाते हैं। इस तरह की घटनाओं से सबक लेते हुए अब बदलाव की नई कहानी लिखनी होगी। इससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। बुर्जुगों की मदद करने के लिए हमेशा तैयार करें। सतकर्म पर चलकर व्यक्ति समाज के लिए एक आदर्श साबित हो सकता है।
कोरोना जैसी खतरनाक बीमारियों को पूरी तरह करेंगे विदा
जानकारी के अभाव और समय पर उपचार नहीं लेने के कारण कई लोग बीमार हुए और कईयों को हमने खोया भी है। इसके लिए रोजाना 15 मिनट अपनी सेहत के लिए निकालने होंगे। कोरोना जैसी बीमारियों को भगाने के लिए हमेे मास्क पहनना होगा और सोशल डिस्टेंस का पालन करना होगा और दूसरों को भी जागरूक करना होगा।
मिटाएं भ्रष्टाचार
सरकारी सिस्टम पर लगातार बढ़ रहे भ्रष्टाचार के दाग ने छबि खराब कर दी है। ऐसे में इस बार सभी को न रिश्वत न देने और न लेने का संकल्प लेना होगा। यदि कोई रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तत्काल भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें। भ्रष्टाचार का खात्मा होने पर पूरे प्रदेश में गुना की अलग पहचान बन सकती है।
नशे से दूर रहें
जिले में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। युवा पीढ़ी नशे की लत के कारण सफलता की राह से उतर रही है। ऐसे में सभी को संकल्प करना होगा कि नशे से दूर रहेंगे। नशा करने वालों को इस रास्ते से वापस लौटाने की पहल करनी हागी। नशा छुड़ाने के लिए संगठित प्रयास करने होंगे। एक अभियान के रूप में इससे निपटना होगा।

सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करेंगे
कोई भी सार्वजनिक संपत्ति या प्राकृतिक संसाधन हों, उसकी सुरक्षा का भाव हमारे मन में पैदा हो, तभी सार्वजनिक संपत्ति के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा हो सकती है। इसके साथ ही हम अपनी भी सुरक्षा स्वयं करें और दूसरों को करने के लिए भी प्रेरित करें, इससे समाज में काफी सुधार आएगा।

इन दस बुराईयों को त्यागें
दिखावा करने से बचें
कई बार लोग खुद को बड़ा साबित करने के लिए बेवजह दिखावा करते हैं, बेहतर यही है कि जिस परिस्थिति में आप हैं उसके आधार पर अपने आप को ढालें।
फिजूलखर्ची न करें
धन काफी मेहनत से प्राप्त होता है, इसे संभाल कर रखना चाहिए और फिजूलखर्ची से बचना चाहिए।
क्रोध में किसी पर हाथ न उठाएं
कई बार गुस्सा या क्रोध आने पर कुछ लोग मारपीट करने लगते हैं, लेकिन यह ठीक नहीं हैं। यह मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है,इससे केवल हानि ही होती है अत: इस पर नियंत्रण रखें।
तनाव
वर्तमान में व्यस्तता के चलते व्यक्ति तनाव ग्रस्त होता रहता है,इससे मन पर बुरा प्रभाव पड़ता है। तनाव पर तो हमेशा नियंत्रण रखना चाहिए।
चुगली नहीं करें
कई लोगों को किसी की बुराई या चुगली करने में आनंद मिलता है, लेकिन इसे अच्छा नहीं माना जाता है, इससे विवाद होने की आशंका होती है।
अपशब्द न कहें
कई लोग किसी से गलती होने पर अपशब्द बोलते हैं या गाली देेते हैं, लेकिन ऐसा न हो यह प्रयास करना चाहिए।

नशापान से दूर रहें
नशे के चलते शरीर को बेहद नुकसान होने के साथ बीमार होने की स्थिति बेहद आर्थिक क्षति होती है,इसके साथ ही पारिवारिक विवाद भी होते हैं, इसलिए नशापान बिल्कुल न करें।
बार-बार शिकायत न करें
कई लोगों की बात-बात पर शिकायत करने की आदत होती है, यह प्रवृत्ति ठीक नहीं है, इससे बचना चाहिए।
विवाद
किसी से कुछ गलत होने की स्थिति विवाद न करें, बल्कि शांत रहना चाहिए।
कर्जा
ज्यादा कर्ज लेने से आप परेशान रहते हैं। इसलिए अपने खर्च को काबू रखें और उधार पैसा न लेना पड़े, इससे बचे रहें।
इतनी लंबाई के यहां जलेंगे रावण
– गुना शहर में 51 फीट की जगह 31 फीट के पुतले का दशहरा मैदान पर होगा दहन
– राघौगढ़ के आईटीआई ग्राउन्ड में 41 फीट और रूठियाई मे मंडी के दशहरा मैदान में 35 फीट ऊंचा पुतला लेगा

-आरोन में तहसील परिसर में दस फीट के पुतले का दहन होगा।
-बीनागंज के रामलीला मैदान में 28 फीट के पुतले का दहन और चांचौड़ा में 31 फीट का पुतले का दहन गोया मैदान में जलेगा।
-कुंभराज में 21 फीट पुतला दशहरा मैदान में जलाया जाएगा।
-बमौरी के कॉलोनी गांव में 20 फीट के पुतले का दहन होगा।
जलील खां ने तैयार किया रावण का पुतला
गुना के दशहरा मैदान में जलने वाले 31 फीट ऊंचाई वाले रावण का पुतला बदरवास के जलील खान ने तैयार किया है। आतिशबाजी भरने का काम रईस खान ने किया है। वहां टैंट और अन्य रंग रोगन मुन्ना खान ने किया है।
वाहन बिक्री के लिए शोरूम सजकर तैयार
दशहरा पर्व पर वाहन बिक्री के लिए गुना के शो-रूम सज-धजकर तैयार हो गए हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रोनिक आयटम की बिक्री के लिए दुकानें सज गई हैं। इसके अलावा अन्य सामान की बिक्री के लिए भी बाजार सजकर तैयार हो गए हैं।
दशहरा का निकलेगा जुलूस, सुरक्षा बढ़ाई, रात्रि बारह बजे से पहले प्रवेश नहीं करेंगे भारी वाहन
गुना। दशहरा पर्व पर निकलने वाले जुलूस और चल समारोह को देखते हुए सुरक्षा के उद्देश्य से पुलिस ने ट्रेफिक डायवर्ट का भी प्लान बनाया है। इसके साथ ही शहर में सुरक्षा बतौर 7 नाकों पर नाकेबंदी के साथ पुलिस स्टॉफ बढ़ाया है। इसके साथ ही शहर में रात्रि 12 बजे से पहले और सुबह छह बजे के बाद भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध रहेगा।
आज रहेगा ट्रेफिक डायवर्ट
रामलीला एवं दशहरा उत्सव समिति के गोविन्द मीना के अनुसार इस बार रामलीला मैदान पुरानी गल्ला मंडी से करीब दोपहर 2 बजे जुलूस निकलेगा। यह शास्त्री पुल, चित्रगुप्त मंदिर, जाटपुरा, स्टेशन तिराहा, जय स्तम्भ चौराहा, सदर बाजार, हनुमान चौराहा, कैंट रोड, कैंट चौराहा, पुलिस लाइन होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगा। इस जुलूस को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यवस्था की है जैसे-जैसे जुलूस आगे बढ़ेगा, पुलिस तत्काल की स्थितियां देखकर ट्रेफिक डायवर्ट करेगी। दो रथ इसमें शामिल होंगे। भगवान राम का रथ अलग चलेगा। रावण और उसकी सेना दूसरे रथ में सवार रहगी।
सुरक्षा- सभी जगहों पर बल तैनात रहेगा। 3 मोबाइल पार्टियां लगाई गई हैं। पांच महत्वपूर्ण स्थान जिसमें हनुमान चौराहा, अम्बेडकर चौराहा, रिलायंस पेट्रोल पम्प तिराहा, कैंट चौराहा, और चटक चौराहा पर फिक्स पिकेट लगाए गए हैं ।इन स्थानों पर 25 पुलिस बल मौजूद रहेगा।

पार्किंग- गुना के दशहरा मैदान पर जहां रावण दहन स्थल पर पार्किंग के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। मंच के आगे, पीछे और दाहिने तरफ वाहन रखे जा सकेंगे। इस कार्य की निगरानी के लिए बल तैनात रहेगा। वीआईपी पार्किंग मंच के दाहिने तरफ होगी। गोपाल मंदिर से चटक चौराहा तक रोड पर पार्किंग होंगी।
निगरानी के लिए लगाए 45 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी
दशहरा मैदान के मंच के चारों तरफ बेरीकेट्स लगाए जाएंगे। इसमें मंच के आगे और पीछे, दाहिने और बाएं तरफ बेरीकेट्स रहेंगे। यह पूरी व्यवस्था को देखने के लिए 45 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये पुलिस कर्मी निगरानी करेंगे। इसके अलावा पुलिस लाइन का स्टॉफ भी त्यौहारी सीजन में सुरक्षा बतौर लगाया गया है।
सात नाकों से निगरानी
सड़क हादसे रोकने, असामाजिक तत्वों पर अंकुश और अवैध गतिविधियों की निगरानी को लेकर भी शहर के चारों हिस्से में स्थित सात नाकों पर चौकसी बढ़ा दी है। इसमें दो खम्बा, टोल नाका, अम्बेडकर चौराहा, हवाई पट्टी, हड्डी मिल, मारूति शोरूम चौराहा और भुल्लनपुरा पर नाकेबंदी की गई है। रात के समय विशेष निगरानी रहेगी।
बढ़ाया नो एन्ट्री का समय
यातायात डीएसपी मुकेश दीक्षित के अनुसार त्यौहारी सीजन तक भारी वाहनों की एन्ट्री अब रात के बारह बजे से सुबह छह बजे तक शहर में आ जा सकेंगे। समय बढ़ाने का निर्णय सुरक्षा और स्थितियां देखते हुए लिया गया है।

Home / Guna / दशहरा पर्व पर खरीदी के लिए सजे शोरूम और बाजार, जिले भर में जलेगा रावण

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो