scriptहरियाणा में मंत्रीमंडल गठन जल्द | Cabinet formation soon in Haryana | Patrika News
गुडगाँव

हरियाणा में मंत्रीमंडल गठन जल्द

अमित शाह ने जिसे दी मंजूरी, संघ ने सूची पर लगाई ब्रेक

गुडगाँवNov 11, 2019 / 11:06 pm

satyendra porwal

नई दिल्ली. चंडीगढ़. तमाम अटकलों के बावजूद सोमवार को भी हरियाणा मंत्रीमंडल का गठन नहीं हो सका। अब मंगलवार-बुधवार को मंत्रीमंडल गठन किए जाने की प्रबल संभावना है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार शाम करतारपुर से लौटे हैं और अब सहयोगी दल जजपा से विचार-विमर्श कर प्रस्तावित मंत्रीमंडल को अमली रूप देने में जुट गए हैं। अवकाश पर होने के बावजूद राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को रविवार को बुला लिया गया था। इसके बावजूद सोमवार को नए मंत्री नहीं बने। मंगलवार को भी मंत्रीमंडल गठन की संभावना कम है। कई तरह के विवादों के बीच मुख्यमंत्री सोमवार को करतारपुर पहुंचे।
भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को अमित शाह के साथ मुलाकात के दौरान संभावित मंत्रियों के नामों पर मोहर लग गई थी। इस बैठक में अमित शाह ने मुख्यमंत्री को निर्देश दिए थे कि अंतिम रूप देने से पहले वह संघ के प्रदेश नेतृत्व के साथ भी नामों पर विचार-विमर्श कर लें। क्योंकि इस बार हरियाणा में भाजपा की जीत में आरएसएस की भूमिका अहम है। बताया जाता है कि संघ से विचार विमर्श के बाद पूरा घटनाक्रम पलट गया। भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद संघ नेतृत्व से मिले सीएम ने रणनीति बदल दी है। अब संघ तथा भाजपा की सहमति होगी, जिस पर सहयोगी दल जननायक जनता पार्टी भी सहमत है।
विधायक लगातार बना रहे हैं मंत्री बनने के लिए दबाव
भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ हुई बैठक में सभी पदों को भरने की बात हुई थी लेकिन तुरंत बाद ही उन विधायकों ने संघ के माध्यम से सीएम तथा भाजपा हाईकमान पर दबाव बनाना शुरू कर दिया जिनका नाम संभावित मंत्रियों की सूची में नहीं था। भाजपा ने चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुलाई है जिसमें विधायको के साथ आगे की रणनीति तय की जाएगी।
वर्ष 2009 में यह हुई थी स्थिति
इससे पहले 2009 में ऐसी स्थिति पैदा हुई थी जबकि त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में मंत्रिमंडल ने 13 दिन बाद शपथ ली थी। तब कांग्रेस ने इस बार की तरह 40 सीटें हासिल की थी। उस समय भूपेन्द्र सिंह हुड््डा ने 25 अक्टूबर 2009 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और उनके मंत्रिमंडल ने 7 नवम्बर को शपथ ली थी। तब यह फासला 13 दिन का था। तब कांग्रेस को 40 सीटें मिलने की स्थिति में हरियाणा जनहित कांग्रेस के पांच विधायक और सात निर्दलीय एवं एक बसपा विधायक के समर्थन से सरकार बनाई थी।

कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर की चर्चा
गुरुग्राम. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल एवं भाजपा के आरएसएस के प्रांतीय संचालक पवन जिदंल के साथ गुरुग्राम लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में रविवार देर रात बैठक हुई। बैठक में दोनों नेताओं की हरियाणा की राजनीति व मंत्रीमंडल गठन पर चर्चा हुई। बाद में हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे, पूर्व मंत्री राव नरबीर ने भी मुख्यमंत्री से कई मुद्दों पर चर्चा की । इधर, हरियाणा के पूर्व मंत्रियों ने चंडीगढ़ में मिली सरकारी कोठियों को खाली करना शुरू कर दिया है।

Home / Gurgaon / हरियाणा में मंत्रीमंडल गठन जल्द

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो